हरियाणा में गहराया सफाई संकट: 6 घंटे चली बैठक रही बेनतीजा, हड़ताल वापसी पर आज होगा फैसला

punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 08:41 AM (IST)

चंडीगढ़ : हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर कोई हल नहीं निकल पाया है। चंडीगढ़ में सरकार और सफाई कर्मचारियों के बीच 6 घंटे चली बैठक में भी हड़ताल समाप्ति पर कोई फैसला नहीं हो पाया। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल एवं मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर के साथ वार्ता के बाद कर्मचारी नेता नरेश शास्त्री का बयान सामने आया है।

उन्होंने कहा है कि फायर विभाग और नगर पालिका के कर्मचारियों के मांग पत्र को लेकर चर्चा हुई है, कई मांगों को लेकर सहमति बनी है, हालांकि अभी कुछ मांगों पर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। कर्मचारी नेता नरेश शास्त्री ने कहा कि बैठक में जो बातें हुई हैं, वह सब कर्मचारियों को बुलाकर उनके सामने रखी जाएंगी, और हड़ताल पर आगामी निर्णय लिया जाएगा। सरकार ने हमें आश्वासन दिया है कि जो भी आपकी मांगे हैं, हम उसको 30 जून तक पूरा कर देंगे।

गंभीर सफाई संकट को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर

हरियाणा के विभिन्न शहरों में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण हो रहे गंभीर सफाई संकट और कूड़े के ढेर को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है। याचिका में शहरी सफाई व्यवस्था बहाल करने, जमा कूड़े को तुरंत हटाने और सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई है। याची गोकुल सेतिया ने याचिका में सिरसा समेत हरियाणा के कई शहरों में फैले कूड़े के ढेर और स्वच्छता की बदहाल स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि इससे आम जनजीवन और जन स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो गया है। याचिका में सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की भी अपील की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य न्यायाधीश ने याचिका पर तत्काल सुनवाई की अनुमति प्रदान कर दी है। इस जनहित याचिका की सुनवाई आज होगी।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)           

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static