अब आलू और प्याज उत्पादन में हरियाणा ने बनाई पहचान
punjabkesari.in Sunday, Jan 12, 2020 - 12:23 PM (IST)
सिरसा(सेतिया): देश का अन्न भंडार भरने वाले पंजाब और हरियाणा अब देश में आलू एवं प्याज उत्पादन में नए आयाम रच रहे हैं। खास बात यह है कि पिछले कुछ बरसों में ही यह दोनों राज्य आलू एवं प्याज उत्पादन में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में आ गए हैं। हरियाणा अब हर साल 24 हजार 500 मीट्रिक टन प्याज के साथ देश में तीसरे जबकि पंजाब 22 हजार 800 मीट्रिक टन उत्पादन के साथ छठे स्थान पर आ गया है।
इसी तरह से 26 हजार 500 मीट्रिक टन आलू उत्पादन के साथ हरियाणा देश में दूसरे जबकि 26 हजार मीट्रिक टन आलू उत्पादन के साथ पंजाब देश में चौथे स्थान पर है। पंजाब में इस समय करीब 9 हजार हैक्टेयर में प्याज जबकि 10 हजार हैक्टेयर में आलू की खेती की जा रही है। इसी तरह से हरियाणा में करीब 36 हजार हैक्टेयर में आलू एवं 32 हजार हैक्टेयर में प्याज की खेती की जा रही है।
दरअसल हरियाणा व पंजाब देश के प्रमुख गेहूं, धान एवं कॉटन उत्पादक प्रदेश हैं। हरियाणा में हर साल रबी सीजन में करीब सवा 25 लाख हैक्टेयर में करीब 1.17 करोड़ टन गेहूं का जबकि खरीफ सीजन में करीब 12 लाख हैक्टेयर में 42 लाख टन धान एवं करीब साढ़े 6 लाख हैक्टेयर में 26 लाख 38 हजार गांठ नरमे का उत्पादन होता है। इसी तरह से पंजाब में खरीफ सीजन में करीब 28.45 लाख हैक्टेयर में 1 करोड़ 69 लाख टन धान जबकि रबी सीजन में करीब 34 लाख 80 हजार हैक्टेयर में 1 करोड़ 63 लाख टन गेहूं का उत्पादन होता है। पर अब सब्जियों के क्षेत्र में हरियाणा एवं पंजाब के किसानों का रूझान बढऩा एक अच्छा संकेत माना जा रहा है।
प्याज का रकबा व उत्पादन (हरियाणा)
वर्ष रकबा उत्पादन
2014-15 28600 640000
2015-16 30500 705000
2016-17 32600 797000
देश में 5 प्रमुख आलू उत्पादक राज्य (उत्पादन मीट्रिक टन में)
राज्य उत्पादन
गुजरात 31500
हरियाणा 26500
बंगाल 26100
पंजाब 26080
तेलांगना 25900
देश में 6 प्रमुख प्याज उत्पादक राज्य (उत्पादन मीट्रिक टन में)
राज्य उत्पादन
मध्यप्रदेश 27090
गुजरात 25480
हरियाणा 24570
बिहार 23090
जम्मू कश्मीर 22940
पंजाब 22880