दिल दहला देने वाली घटना...Nuh में महिला ने 3 मासूम बेटियों संग दी जान, वजह जान रह जाएंगे दंग

punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 04:24 PM (IST)

नूंह (अनिल मोहनिया) : नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव बदोपुर में महिला ने अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ खेत में बने कुएं में छलांग लगा दी, जिससे चारों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब नौ बजे परिवार का एक युवक गेहूं के खेत में पानी देने के लिए गया था। इसी दौरान उसकी नजर कुएं के पास पड़ी एक छोटी बच्ची की चप्पल पर पड़ी। युवक को शक हुआ तो उसने कुएं में झांककर देखा, जहां अंदर बच्चों के शव तैरते नजर आए। यह भयावह दृश्य देखकर वह घबरा गया और तुरंत गांव के लोगों को इसकी सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद कुएं से चारों शवों को बाहर निकाला।

मानसिक तनाव में थी महिला

मृतक महिला की पहचान करीब 28 वर्षीय साहिला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच जेवर को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते महिला मानसिक तनाव में थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के चलते महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया।

हालांकि पुलिस का कहना है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक घटना के कारणों के बारे में स्पष्ट तौर पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव बदोपुर सहित पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static