''हमारे बच्चों को वापस ले आइए'', Iran में फंसे Nuh के MBBS के छात्र तो परिजनों ने लगाई गुहार
punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 05:29 PM (IST)
नूंह (अनिल मोहनिया) : ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव और भीषण संघर्ष की खबरों के बीच हरियाणा के नूंह जिले में भी चिंता का माहौल है। जिले के दो युवा पिछले दो सालों से ईरान में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। हालात बिगड़ने की खबरों के बाद उनके परिजन बेहद परेशान हैं और लगातार संपर्क में रहने की कोशिश कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार नूंह जिले के रायपुरी गांव निवासी जिया उर रहमान पुत्र शमशुद्दीन मार्च 2023 से ईरान में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि कल ही उनकी जिया उर रहमान से फोन पर बात हुई थी। फिलहाल वह सुरक्षित हैं, लेकिन ईरान में तनावपूर्ण हालात को देखते हुए परिवार की चिंता बढ़ गई है। लड़के की माता ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार से अपील की है कि वहां मौजूद भारतीय छात्रों की सुरक्षा पर विशेष नजर रखी जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित वापस लाने की व्यवस्था की जाए।
इसी प्रकार नूंह जिले के एक अन्य गांव से भी युवक ईरान में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है। दोनों परिवारों का कहना है कि टीवी और सोशल मीडिया पर युद्ध की खबरें देखकर वे मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं। परिजन लगातार सरकार से संपर्क बनाए रखने और हर स्थिति में भारतीय दूतावास के माध्यम से छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं। जिले में इन छात्रों की कुशलता के लिए दुआओं का दौर भी शुरू हो गया है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)