इनेलो सरकार पर बनने पर 7500 होगी बुढ़ापा पेंशन, घर बैठे मिलेगी पेंशन : ओपी चौटाला

punjabkesari.in Wednesday, May 03, 2023 - 08:12 AM (IST)

हिसार(विनोद): पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला मंगलवार को पहुंचे और यहां उन्होंने सिरसा रोड स्थित ताऊ देवीलाल सदन में परिवर्तन यात्रा को लेकर पार्टी के जिला कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में पेंशन इनेलो ने ही शुरू की थी और अब दोबारा इनेलो की सरकार बनने पर बुढ़ापा पेंशन 7500 रुपए की जाएगी। उन्होंने कहा कि इनेलो सरकार बनने पर बुढ़ापा पेंशन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। पेंशन घर पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की इस समय प्रदेश में परिवर्तन यात्रा चल रही है। परिवर्तन का मतलब होता है बदलाव। 

इस यात्रा के माध्यम से प्रदेश में बदलाव की शुरूआत हो चुकी है। कार्यकर्ता 2024 का इंतजार ना करें, प्रदेश में कभी भी चुनाव हो सकते हैं। इसलिए कार्यकर्ता अभी से चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता भी अब बदलाव चाहती है और इस बार एक बार फिर इनेलो सत्ता में होगी। सत्ता में आने के बाद प्रदेश को पुन: विकास की पटरी पर लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्च पर विफल साबित हो चुकी है। प्रदेश सरकार की नाकामी के कारण ना तो युवाओं को रोजगार मिल रहा है, ना किसानों को फसल का पूरा दाम मिल रहा है और कर्मचारी व व्यापारी वर्ग सहित सभी वर्ग अपने आपको ठगा महसूस कर रहे हैं।

इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि आज प्रदेश में केवल इनेलो ही विपक्ष की सार्थक भूमिका निभा रहा है। हरियाणा में कांग्रेस अलग नहीं है। जेल जाने के डर से कांग्रेस का भाजपा से गठबंधन हो चुका है। उन्होंने कि भूपेंद्र हुड्डा पर कई केस दर्ज हैं और उन्हें डर है कि अदालत उन्हें जेल भेजेगी। इस डर से हुड्डा सत्ता से जुड़ गए हैं। कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के बाद इनेलो सुप्रीमो ने गांव तलवंडी राणा में सड़क को लेकर चल रहे ग्रामीणों के धरना का समर्थन किया और सरकार से ग्रामीणों की मांग के अनुसार जल्द से जल्द सड़क निर्माण करने की मांग की। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static