सुरजेवाला के विवादित बयान पर ओपी धनखड़ ने दी तीखी प्रतिक्रिया, कहा- भगवान ने उनकी मति हर ली है
punjabkesari.in Tuesday, Aug 15, 2023 - 08:28 AM (IST)

चरखी दादरी(पुनीत श्योराण): भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने बाढ़ड़ा विधानसभा में आयोजित पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित किया। धनखड़ ने संबोधन के दौरान कैथल में दिए सुरजेवाला के विवादित बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सुरजेवाला के बयान से लगता है कि भगवान ने उनके कर्मों को देखते हुए उनकी मति (बुद्धि) हर ली है। जनता जनार्दन ईश्वर का विराट रूप है और मतदाता को राक्षस प्रवृत्ति का कहना देश-प्रदेश की जनता का घोर अपमान है। रामायण की चौपाई में भी कहा गया है कि "जा को मैं दारूण दुख देऊ - ताकि मति पहले हर लेऊ", वही हाल कांग्रेस नेता सुरजेवाला का हो रहा है।
इस दौरान उन्होंने विभाजन विभीषिका के दौरान बलिदान हुए सभी शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि दी। बाढड़ा में रविवार को ओमप्रकाश धनखड़ ने पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित किया और बाद में किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष व बाढड़ा के पूर्व विधायक सुखविंद्र मांढी द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। यात्रा बाढड़ा हलके के कई क्षेत्रों से होकर गुजरी। धनखड़ ने कहा कि जनता जनार्दन ईश्वर का विराट रूप है। मतदाता को राक्षस प्रवृत्ति का कहना भारत व हरियाणा की महान जनता का घोर अपमान है।
कांग्रेस की नीति और नीयत पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि यह सब संगत का असर है। इसके साथ भाजपा नेता ने कहा कि भारत देश के जागरूक संवेदनशील मतदाताओं के लिए राक्षसी वृत्ति जैसे शब्द कहना कांग्रेस की सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भारत की जनता सब सुन रही है और देख रही है और 2024 चुनाव में जनता कांग्रेस को इसका जवाब देगी। कांग्रेस के नेता अपनी मर्यादा खो चुके हैं और जनता के लिए अनादरपूर्ण शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं भाजपा किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र मांढी ने कहा कि भाजपा सरकार में छतीस बिरादरी को मान सम्मान मिला है। आने वाला समय भाजपा का है और इस क्षेत्र की जनता पूरा साथ व समर्थन देगी।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)