हमने खोल रखे हैं दिल्ली के रास्ते, प्रशासन हटाए बैरीकेड: संयुक्त किसान मोर्चा

punjabkesari.in Wednesday, May 05, 2021 - 10:28 AM (IST)

सोनीपत (ब्यूरो) : संयुक्त किसान मोर्चा ने लोगों की परेशानी को देखते हुए जरूरी सुविधाओं के लिए रास्ते से अवरोध हटा लिए थे लेकिन दिल्ली पुलिस ने अब तक भी रास्ता ठीक से नहीं खोला है। संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य गुरनाम सिंह चढूनी, हनान मौला, जगजीत सिंह डल्लेवाल, जोगिंद्र सिंह उग्राहां, युद्धवीर सिंह, योगेंद्र यादव और अभिमन्यु कोहाड़ ने कहा कि दिल्ली की सीमाओं पर किसानों के धरनों को 5 महीनों से ज्यादा समय हो गया है।

किसानों के साथ स्थानीय लोगों की लगातार हमदर्दी व समर्थन रहा है। दिल्ली में ऑक्सीजन व अन्य जरूरी सेवाओं के लिए ट्रक एवं अन्य वाहन आ-जा रहे हैं। किसानों ने शुरू से ही एक तरफ का रास्ता खोला है। 26 अप्रैल को दिल्ली पुलिस को एक औपचारिक ई-मेल लिखकर भी बैरीकेड्स हटाने की मांग की थी जिसका आज उत्तर आया है। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली पुलिस, केंद्र सरकार, हरियाणा सरकार व दिल्ली सरकार से दोबारा निवेदन करते हैं कि रास्ता खोला जाए ताकि कोरोना के खिलाफ ताकत से लड़ाई लड़ी जा सके। किसानों ने कहा कि इस देश का इतिहास रहा है कि जिस सरकार ने भी किसानों का शोषण करने की कोशिश की है, किसानों ने उसे सबक सिखाया है। मोदी सरकार ने किसानों के डैथ वारंट के रूप में 3 कृषि कानून थोपे हैं। इनको लेकर बातचीत के जरिए इनका हल हो ताकि किसान को उसका हक मिल सके।

किसान नेताओं ने कहा कि पंजाब में राज्य सरकार द्वारा किसानों को लगातार परेशान किया जा रहा है। 3 कृषि कानून व किसानों-मजदूरों की अन्य हड़तालों से संबंधित कई मामलों ने किसानों पर पुलिस केस दर्ज किए जा रहे हैं। फिरोजपुर के मेहमां गांव के किसानों पर हाल ही में पुलिस केस दर्ज कर उन्हें प्रताडि़त किया है। संयुक्त किसान मोर्चा इसकी सख्त निंदा और विरोध करता है। पंजाब सरकार बिना शर्त सारे केस तुरंत वापस करे व किसानों को परेशान करना बंद करे।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Recommended News

Related News

static