Panipat : एक झटके में चली गई जान, ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे कुचलकर मजदूर की मौत, परिवार में पसरा मातम

punjabkesari.in Sunday, Jun 07, 2026 - 01:44 PM (IST)

पानीपत : हरियाणा के पानीपत जिले में जीटी रोड स्थित पुलिस लाइन के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में मजदूरी करने वाले युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब समालखा से ईंटें उतारकर लौट रहे ट्रैक्टर से एक मजदूर नीचे गिर गया और ट्रैक्टर का पिछला पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान धर्मवीर के रूप में हुई है, जो मजदूरी का काम करता था। 6 जून को ठेकेदार ने धर्मवीर और ट्रैक्टर के ड्राइवर को एक साथ समालखा की तरफ ट्रैक्टर में ईंटें छोड़कर आने के लिए भेजा था। ईंटें उतारने के बाद दोनों ट्रैक्टर पर सवार होकर वापस पानीपत की तरफ लौट रहे थे।

परिजनों का आरोप है कि वापसी के दौरान ट्रैक्टर चालक वाहन को तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था। जब ट्रैक्टर जीटी रोड पर पहुंचा तो अचानक तेज झटका लगने से ट्रैक्टर पर बैठा धर्मवीर सड़क पर गिरा और ट्रैक्टर का पिछला पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया।  जिससे मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलने पर सेक्टर-29 थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत के आधार पर लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना के बाद फरार होने का मामला दर्ज कर लिया है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)               


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static