बूथ स्तर पर पार्टी की मजबूती जरूरी : धनखड़

punjabkesari.in Saturday, Aug 06, 2022 - 10:34 AM (IST)

हिसार: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने पदाधिकारियों एवं कार्यकत्र्ताओं से आह्वान किया है वे संगठन की मजबूती के लिए पार्टी की बूथ स्तर पर मजबूती सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार्यकत्र्ता ही पार्टी की असली ताकत होते हैं। ओमप्रकाश धनखड़ यहां गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के चौधरी रणबीर सिंह सभागार में आयोजित पार्टी के जिला स्तरीय शक्ति केन्द्र प्रमुखों की कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। इसमें प्रदेश महामंत्री एवं विधायक मोहनलाल बड़ौली ने शक्ति केन्द्र प्रमुख के कार्यों व बूथ संरचना के बारे विचार रखे, जबकि कैबिनेट मंत्री डा. कमल गुप्ता ने केन्द्र व प्रदेश सरकार के 8 साल के कार्यकाल में जनता में आए बदलाव बारे जानकारी दी। 

पूर्व मंत्री एवं जिला प्रभारी मनीष ग्रोवर ने हर घर तिरंगा बारे व डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने पंचायती राज चुनाव बारे बात रखी। विभिन्न सत्रों की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कैप्टन भूपेन्द्र, प्रदेश मंत्री सरोज सिहाग, हांसी विधायक विनोद भ्याणा, अनुशासन समिति के प्रदेश सदस्य श्रीनिवास, पूर्व विधायक वेद नारंग ने की। जिला अध्यक्ष कैप्टन भूपेन्द्र, वीरचक्र ने हिसार पहुंचने पर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष व अन्य नेताओं का स्वागत किया और कहा कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में जिला के पदाधिकारी व कार्यकत्र्ता लगातार पार्टी की मजबूती के लिए काम कर रहे हैं। 

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए हर कार्यकत्र्ता के साथ संवाद जरूरी है। संवाद को ही जीत का मंत्र बताते हुए उन्होंने कहा कि संवाद से न केवल संगठन मजबूत रहता है, बल्कि चुनाव जीतना भी आसान हो जाता है। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि भाजपा के शक्ति केन्द्र प्रदेश में मजबूत स्थिति में हैं। उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान, जिला पंचायत चुनाव व जिला परिषद चुनाव बारे भी शक्ति केन्द्र प्रमुखों को आवश्यक निर्देश दिए और कहा कि वे अभी से तैयारियों में जुट जाएं। ओमप्रकाश धनखड़ ने कार्यशाला में शक्ति केन्द्र की अवधारणा, बूथ संरचना, विभाजन विभीषिका, कोरोना टीकाकरण व हर घर तिरंगा पर विस्तार से अपने विचार रखे। 

ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य अंतिम लाइन में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है, और इसी संकल्प के साथ हरियाणा में भी भाजपा आगे बढ़ रही है।  देश की आजादी के लिए 3 लाख 27 हजार लोगों ने बलिदान दिया है, जिसमें 850 लोग हरियाणा के हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा 10 लाख घरों पर तिरंगा फहराएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static