पिकअप बैक करते वक्त चपेट में आए श्रमिक की कुचलने से हुई मौत
punjabkesari.in Monday, Nov 02, 2026 - 07:16 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): मालिबू टाउन में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन साइट पर सामान लेकर पहुंची एक पिकअप गाड़ी के चालक ने लापरवाही से वाहन बैक करते हुए वहां काम कर रहे 45 वर्षीय श्रमिक मो. अशफाक को कुचल दिया। हादसे में गंभीर चोटें आने के कारण अशफाक की मौके पर ही मौत हो गई।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
मालिबू टाउन में एक नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा था। बेसमेंट की खुदाई का काम पूरा होने के बाद साइट पर सरिया और रोड़ी-बजरी लाई जा रही थी। मूल रूप से बिहार के अररिया जिले के टपरा गांव निवासी मो. अशफाक साइट पर सरिया पकड़कर ले जा रहे थे। उसी दौरान पिकअप चालक ने पीछे देखे बिना गाड़ी को तेजी से बैक कर दिया, जिससे अशफाक गाड़ी की चपेट में आ गए।
मृतक अशफाक पिछले कई वर्षों से गुरुग्राम के वजीराबाद की ढाणी में रहकर मजदूरी करते थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा पांच बच्चे तीन बेटियां और दो बेटे हैं। दो बेटियां 18 और 20 वर्ष की हैं, जबकि बाकी बच्चे अभी काफी छोटे हैं। अशफाक ही अपने पूरे परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे, जिनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर लापरवाही से वाहन चलाने वाले पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।