सोसाइटी की 11वीं मंजिल से कूदी रिटायर्ड कर्नल की बेटी, मौत
punjabkesari.in Monday, Nov 02, 2026 - 07:12 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-110ए स्थित महेंद्रा औरा सोसाइटी में एक रिटायर्ड कर्नल की बेटी ने सोसायटी की 11वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। मृतका की पहचान नेहा तिवारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बजघेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक नेहा पिछले काफी समय से सेक्टर-110ए की महेंद्रा औरा सोसाइटी में अपने पिता के साथ उनके फ्लैट में ही रह रही थीं। नेहा की शादी करीब पांच साल पहले वर्ष 2021 में शुभम शर्मा नाम के युवक के साथ हुई थी। शुभम वर्तमान में विदेश में नौकरी करता है। घटना के समय वह इसी फ्लैट की बालकनी से नीचे छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
सोसाइटी परिसर में हुई इस घटना के बाद सूचना मिलने पर बजघेड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस टीम वर्तमान में सोसाइटी परिसर और टावर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना के सही समय और सही कारणों का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही पुलिस नेहा के विदेश में रहने वाले पति शुभम शर्मा से भी संपर्क साध रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। शुरुआती जांच में पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर काम कर रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि मृतका के मायके वालों की तरफ से कोई लिखित शिकायत दी जाती है, तो उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।