प्रधानमंत्री अंब-अंदौरा से दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रैस को देंगे हरी झंडी

punjabkesari.in Thursday, Oct 13, 2022 - 09:43 AM (IST)

अम्बाला छावनी : हिमाचल प्रदेश के ऊना और अंब-अंदौरा से रेल यात्रियों का दिल्ली आना-जाना और आसान हो जाएगा। 14 अक्तूबर से वंदे भारत एक्सप्रैस अंब-अंदौरा से नई दिल्ली के लिए रैगुलर चलना शुरू हो जाएगी। यह देश की चौथी सेमी हाई स्पीड ट्रेन है, अंब-अंदौरा से दिल्ली के बीच चलेगी। यह ट्रेन वीरवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलेगी।  वीरवार यानि 13 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऊना रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। नई दिल्ली से वंदे भारत एक्सप्रैस का रैक आज शाम तक नंगल डैम रेलवे स्टेशन पहुंच जाएगा। जो वीरवार को जनशताब्दी ट्रेन के दिल्ली जाने के बाद ही ऊना आएगा। 

वहीं, वंदे भारत के इनॉगरल रन के लिए ऊना रेलवे स्टेशन पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अम्बाला रेलवे डिविजन के डी.आर.एम. मनदीप सिंह भाटिया स्टेशन में तैयारियों को निरीक्षण कर चुके हैं। उत्तरी रेलवे के आला अधिकारी भी ऊना पहुंच रहे हैं। आर.पी.एफ. का सुरक्षा दस्ता भी स्टेशन पहुंच गया है। 2447 वंदे भारत एक्सप्रैस नई दिल्ली से अंब-अंदौरा यह लगभग 412 किलोमीटर की दूरी 5 घंटे 15 मिनट में तय करेगी। इसके नई दिल्ली से अंब-अंदौरा के बीच अम्बाला, चंडीगढ़ और ऊना में 2-2 मिनट के हॉल्ट होंगे। जबकि 2448 वंदे भारत अंब-अंदौरा से दिल्ली के लिए चलेगी। जो लगभग 412 किलोमीटर की दूरी 5 घंटे 25 मिनट में पूरा करेगी। नंगल डैम रेलवे स्टेशन में 10 मिनट का वाटरिंग के लिए ऑपरेशनल हॉल्ट रहेगा।

इस ट्रेन की खासियत
वंदे भारत देश की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन है। इसका रैक इंटेगरल कोच फैक्टरी आई.सी.एफ. चेन्नई में बनकर तैयार हुआ है। लगभग 18 कोच की यह ट्रेन आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसमें फोटो कौटिलिक अल्ट्रा एयर प्यूरीफायर सिस्टम लगा है। जो जी.आर.डी.ओ.  की चंडीगढ़ स्थित लैबोरेटरी में तैयार हुआ है। इसमें रिक्लाइङ्क्षनग सीट लगाई गई हैं। साथ ही ऑटोमैटिक फायर सैंसर लगे हैं। सुरक्षा की दृष्टि से वंदे भारत में सी.सी.टी.वी. लगे हैं और इसमें वाईफाई की सुविधा भी रहेगी।
यह ऊना से दिल्ली के लिए चौथी ट्रेन होगी। इससे पूर्व ऊना से जनशताब्दी एक्सप्रैस प्रतिदिन सुबह नई दिल्ली के लिए चलती है। दौलतपुर चौक से शाम को हिमाचल एक्सप्रैस दिल्ली के लिए जाती है। जबकि नांदेड वीकली सुपरफास्ट एक्सप्रैस हर वीरवार को अंब अंदौरा से नांदेड साहिब वाया दिल्ली होकर जाती है। 
उधर, अम्बाला रेलवे डिविजन के पी.आर.आई. पंकज गोयल ने बताया कि 13 अक्तूबर को वंदे भारत एक्सप्रैस का इनॉगरल रन होगा। इसे पी.एम. नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाएंगे। कहा कि 14 अक्तूबर से वंदे भारत अंब-अंदौरा से नियमित रूप से चलनी लगेगी। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

प्रधानमंत्री की हिमाचल को बड़ी सौगात
उधर, ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर और राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि यह ऊना जिला के लिए प्रधानमंत्री की बहुत बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि पहले ही अंब-अंदौरा से देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए 9 ट्रेनें चल रही हैं। अब वंदे भारत एक्सप्रैस 10 वीं ट्रेन होगी।
दोनों नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री ऊना-हमीरपुर रेलवे लाइन का भी शिलान्यास करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के प्रयासों से ऊना-हमीरपुर रेलवे लाइन का सपना साकार होने जा रहा है। इस रेलवे लाइन पर 4 स्टेशन बनाए जाएंगे। कहा कि रेलवे लाइन निर्माण का 90 फीसदी खर्च केंद्र और 10 फीसदी राज्य सरकार उठाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static