रोहतक में तेज रफ्तार बाइक बनी काल! ड्यूटी से लौट रहे पुलिस हवलदार को मारी टक्कर; मौके पर थमी सांसें
punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 02:18 PM (IST)
रोहतक : रोहतक में सोमवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा पुलिस के एक हवलदार की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य युवक भी घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान विशाल नगर निवासी 56 वर्षीय नरेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो रोहतक पुलिस में हवलदार के पद पर कार्यरत थे। वह डीएसपी गुलाब सिंह के गनमैन के रूप में भी सेवाएं दी हैं। डीएसपी के अवकाश पर होने के कारण इन दिनों उनकी ड्यूटी पुलिस लाइन में लगी हुई थी। बताया जा रहा है कि सोमवार रात ड्यूटी समाप्त करने के बाद नरेंद्र सिंह अपनी स्कूटी पर घर लौट रहे थे। इस दौरान डी पार्क के पास तेज रफ्तार में आ रही दो बाइकों ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही नरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बाइक सवार करण और जीवन भी हादसे में घायल हो गए। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान नरेंद्र सिंह ने दम तोड़ दिया। इधर घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। वहीं हादसे ने परिवार को गहरा सदमा दे दिया।