रोहतक में 4 युवकों ने हथियार के बल पर लूटे 5 लाख, बदमाशों की कार की बाइक से हुई भिंड़त; पैसे छोड़ हुए फरार
punjabkesari.in Friday, Jul 31, 2026 - 02:30 PM (IST)
रोहतक (दीपक भारद्वाज) : रोहतक में देर रात लाढोत रोड पर फिल्मी अंदाज में लूट की वारदात सामने आई। कार सवार चार युवकों ने एक युवक को पिस्तौल दिखाकर करीब पांच लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। हालांकि वारदात के तुरंत बाद आरोपियों की कार आगे जाकर एक बाइक से टकरा गई। हादसे के बाद आरोपी रुपये से भरा बैग मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। दुर्घटना में ट्यूशन से घर लौट रहे बाइक सवार मां-बेटे को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित विशाल ने बताया कि उसके एक दोस्त ने उसे ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया था। उसी के कहने पर वह पांच लाख रुपये लेकर जा रहा था। रास्ते में लाढोत रोड पर कार सवार चार युवकों ने उसकी गाड़ी रुकवाई और पिस्तौल दिखाकर रुपये से भरा बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेज रफ्तार से मौके से भागने लगे। भागते समय कुछ ही दूरी पर आरोपियों की कार ट्यूशन से लौट रहे मां-बेटे की बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी अपनी कार से उतरकर मौके से फरार हो गए, लेकिन जल्दबाजी में रुपये से भरा बैग वहीं छोड़ गए।
इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले में दो आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।