करनाल में 5 बदमाशो को पैदल सड़क पर लेकर निकली पुलिस, वजह जान होगी हैरानी....
punjabkesari.in Sunday, Oct 25, 2026 - 03:24 PM (IST)
करनाल: हरियाणा के करनाल में अपराधियों और बदमाशों के खिलाफ थाना सिटी पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में दो युवकों पर चाकू, लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला करने के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
रविवार को थाना सिटी पुलिस पकड़े गए सभी 5 आरोपियों को निशानदेही कराने के लिए घटनास्थल (पुरानी सब्जी मंडी) लेकर पहुंची। इस दौरान पुलिस की गाड़ी खराब होने के कारण पुलिस टीम आरोपियों को सिटी थाना से सराफा बाजार होते हुए पैदल ही पैदल घटनास्थल तक ले गई। बीच बाजार में आरोपियों की इस तरह परेड होने से इलाके के असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।
पुरानी रंजिश में 7-8 बदमाशों ने बोला था हमला
मामले का खुलासा करते हुए सिटी थाना प्रभारी रामलाल ने बताया कि रोहित और सुशांत नाम के दो युवकों के साथ इन बदमाशों का पुराना झगड़ा था। इसी रंजिश के चलते करीब 7 से 8 युवकों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया और उनके सिर पर डंडों, रॉड व चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 मुख्य आरोपियों को दबोच लिया, जबकि बाकी बचे 2-3 आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। निशानदेही की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थाना सिटी इंचार्ज रामलाल ने शहर के युवाओं और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को सख्त लहजे में चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि करनाल और खास तौर पर सिटी थाना क्षेत्र में कोई भी गुंडागर्दी या चाकू-छुरी चलाने की जुर्रत न करे। जो लोग शराब पीकर या पुरानी रंजिश में हिंसा करेंगे, पुलिस कानून के दायरे में रहकर उनका अच्छी तरह से 'इलाज' करेगी। हमारी युवाओं से अपील है कि वे गलत रास्ते पर न भटकें।