3 लाख में टांग तोड़ने वाले 3 बदमाश हथियारों के साथ गिरफ्तार!कार में घूम रहे थे चिप्पू गैंग के गुर्गे, पुलिस ने दबोचा
punjabkesari.in Wednesday, Jun 24, 2026 - 04:28 PM (IST)
यमुनानगर : सीआइए टू की टीम ने कार में घूम रहे चिप्पू गैंग के तीन बदमाशों को पिस्टल, कट्टा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। तीनों बदमाशों की पहचान जठलाना निवासी अनीश उर्फ पम्मा, नफीस उर्फ चिता व इकराम उर्फ गुल्लू के रूप में हुई है।
तीनों खदरी निवासी सचिन के गैंग के साथ मिलकर कार्य करते थे। सुपारी लेकर यह मारपीट करते और टांगें तोड़ते। एडिशनल एसपी आशीष चौधरी ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में बताया कि सीआइए टू की टीम को निर्माणाधीन पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर कैल के पास कार में तीनों के संदिग्ध परिस्थितियों में घूमने की सूचना मिली। टीम ने तीनों को पकड़ा और तलाशी में अनीस के पास से पिस्टल व चार कारतूस, नफीस के पास से कट्टा व कारतूस बरामद हुए। इकराम कार चला रहा था।
आरोपित नफीस पर तीन, इकराम पर तीन और अनीस उर्फ पम्मा पर छह मामले दर्ज हैं। आरोपित अनीस को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। साथ ही इन आरोपितों पर सदर जगाधरी थाना में केस दर्ज किया गया है। यह तीन लाख रुपये तक की सुपारी लेकर वारदात करते। अभी कुछ दिन पहले सचिन ने अपने साथी सौरभ के साथ मिलकर जयरामपुर निवासी नितिन की टांगें तोड़ी थी।