Haryana : रिश्वतखोरी पर ACB का शिकंजा, सिंचाई विभाग के JE व बेलदार 45 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 05:32 PM (IST)

 यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता): हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो  ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंचाई विभाग, यमुनानगर के जूनियर इंजीनियर सौरभ कुमार और विभाग के बेलदार करमजीत को ₹45 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

दोनों के खिलाफ हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो थाना पंचकूला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

ब्यूरो ने दोनों आरोपियों को ट्रैप कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के इंस्पेक्टर तेजपाल ने बताया कि शिकायतकर्ता जरनैल सिंह ने शिकायत में बताया कि वह सिंचाई विभाग में ठेकेदार है। उसके सभी आवश्यक दस्तावेज और औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद विभाग में लंबित बिलों का भुगतान नहीं किया जा रहा था। आरोप है कि जेई सौरभ कुमार ने जानबूझकर बिल रोक रखे थे और भुगतान जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की।

जांच में सामने आया कि आरोपी जेई ने शिकायतकर्ता से फोन पर संपर्क कर अपने साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारियों के नाम पर भी रिश्वत की मांग की। रिश्वत लेने के लिए विभाग के बेलदार करमजीत को भेजा गया।
 
हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अधिकारियों के अनुसार, शिकायतकर्ता ने ब्यूरो से संपर्क किया, जिसके बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता ने 45 हजार की रिश्वत बेलदार करमजीत को दी। करमजीत ने यह राशि जेई सौरभ कुमार को सौंप दी। इसी दौरान पहले से निगरानी कर रही  टीम ने दोनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)                


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static