बस से फरार हुए, इंस्टाग्राम पर भेजा वीडियो, भाजपा दफ्तर हमले के आरोपियों के खुलासे से चौंकी पुलिस...
punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 04:07 PM (IST)
चंडीगढ़: सेक्टर-37 के पंजाब भाजपा कार्यालय पर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है। शुक्रवार को चंडीगढ़ पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार 9 आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया जहां से तीन मुख्य आरोपियों अमनप्रीत, गुरतेज और हजनदीप का दो दिन का पुलिस रिमांड बढ़ा दिया गया जबकि अन्य छह आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी और क्राइम सीन रिक्रिएशन भी कराया जा सकता है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी चंडीगढ़ में किस रास्ते से दाखिल हुए और वारदात के बाद किस तरह भागे।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया है कि उन्होंने यह हमला विदेश में बैठे बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़े मास्टरमाइंड के निर्देश पर अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार अमनप्रीत और गुरतेज दो ग्रेनेड लेकर चंडीगढ़ पहुंचे थे। वारदात के दौरान अमनप्रीत ने ग्रेनेड फेंका जबकि गुरतेज ने पूरी घटना का वीडियो बनाया।
वारदात के बाद दोनों आरोपी सीटीयू बस के जरिए फरार हो गए। गुरतेज ने इंस्टाग्राम के माध्यम से यह वीडियो जर्मनी में बैठे मास्टरमाइंड को भेजा था लेकिन वीडियो पहुंचते ही उसकी आईडी ब्लॉक कर दी गई। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी शहर में रेकी के लिए आए थे या नहीं और उनके निशाने पर अन्य स्थान भी थे या नहीं।