आंखों में आंसू लिए लापता फौजी की राह ताक रही पत्नी, बच्चों के साथ काट रही थानों के चक्कर
punjabkesari.in Friday, Jul 14, 2023 - 02:41 PM (IST)

चरखी दादरी (पुनीत) : आंखों में आंसू और गोद में दो साल का बेटा लिए पत्नी अपने गायब फौजी पति के आने का इंतजार कर रही हैं। वहीं बूढ़ी मां हाथ जोड़कर भगवान से बेटे की सकुशल वापसी की प्रार्थना कर रही है और परिजनों ने पीएम व सरकार से बेटे की तलाश करवाने की गुहार लगाई है। बार्डर पर देश की रक्षा करने करते हुए करीब 20 दिन से गांव रावलधी निवासी फौजी युद्धवीर सिंह ड्यूटी से गायब हो गया था। परिजनों का आरोप है कि गायब फौजी की तलाश में थानों व अधिकारियों के चक्कर काटने पर मजबूर हैं, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
बता दें कि गांव रावलधी निवासी 34 वर्षीय युद्धवीर सिंह अरुणाचल प्रदेश के टेंगा में हवलदार के पद पर तैनात है। गत 24 जून को घर पर जब से सेना की तरफ उनके लापता होने की खबर दी गई है तब से उनके घर में मातम का माहौल छाया हुआ है। बूढ़ी मां और पत्नी के आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। सेना की तरफ इनके परिवार वालों को बताया गया है कि सर्च ऑपरेशन जारी है और जल्द ही इनको ढूंढ लिया जाएगा। लेकिन 20 दिन का समय बीत जाने के बाद भी अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। पति के लापता होने की सूचना के बाद से पत्नी सोनल और उनकी माता का रो-रोकर बुरा हाल है। हवलदार युद्धवीर सिंह की पत्नी अपने दो साल के बेटे व 8 साल की बच्ची के अलावा बूढ़ी सास के साथ उनके घर लौटने का इंतजार कर ही है।
कमांडिंग ऑफिसर ने दी लापता होने की सूचना
फौजी की पत्नी सोनल ने बताया कि 24 जून को उसकी युद्धवीर सिंह से फोन पर बात हुई थी। उसके बाद से ही फोन बंद आ रहा था। कमांडिंग ऑफिसर द्वारा घर पर फोन के माध्यम से जानकारी दी गई कि उनके पति अरुणाचल प्रदेश के टेंगा में फायरिंग प्रशिक्षण पर जाने की तैयारी थी। इसी दौरान वह रहस्यमय हालातों में गायब हो गया और ड्यूटी पर वापस नहीं लौटे हैं।
अनहोनी की आशंका से घरवालों का बुरा हाल
फौजी युद्धवीर की पत्नी सोनल व माता प्रेम देवी ने बताया कि जब से इसकी सूचना मिली है। घर में सभी लोगों का किसी अनहोनी होने की घटना से बुरा हाल है। हमें अपने देश की आर्मी पर भरोसा है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)