डैमेज कंट्रोल के लिए ट्रांसफर, किरकिरी रोकने के लिए दोबारा बनाया MCG कमिश्नर

punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 07:00 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव में हो रही बारिश से जहां पूरा शहर जलमग्न हो गया। लोगों को जाम से घंटो तक जूझना पड़ा और शहर में ट्रैफिक पुलिस ने मोर्चा संभाला तो सरकार ने डैमेज कंट्रोल के लिए गुड़गांव नगर निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया का तबादला कर दिया। उन्हें रोहतक का डीसी बनाया गया। यह आदेश जारी होते ही सरकार की लगातार किरकिरी होने लगी। ऐसे में 24 घंटे से भी कम समय में सरकार ने नए ट्रांसफर ऑर्डर जारी कर दिए। इस बार यह ट्रांसफर ऑर्डर केवल दो अधिकारियों के नहीं बल्कि 17 आईएएस व 7 एचसीएस अधिकारियों के निकाले गए। इन ट्रांसफर ऑर्डर में एक बार फिर प्रदीप दहिया का नाम शामिल किया गया और उन्हें रोहतक डीसी के पद से ट्रांसफर करके वापस गुड़गांव नगर निगम कमिश्नर बनाया गया। 

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

आपको बता दें कि शहर में लगातार हो रही बारिश के बाद जलभराव हो गया। कई स्थानों पर अत्याधिक जलभराव होने के कारण वीरवार सुबह होने वाली नगर निगम की सदन बैठक को स्थगित कर दिया गया और सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को पानी निकासी के प्रबंध जांचने के लिए फील्ड में भेजा गया। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर स्वयं भी मैदान में उतर आए और पूरे शहर का जायजा लेने लगे। अभी नगर निगम कमिश्नर शहर का जायजा लेकर किए गए प्रबंधों की जांच कर रहे थे कि इसी दौरान दो आईएएस अधिकारियों के ट्रांसफर के ऑर्डर आ गए। इसमें पहला नाम नगर निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया का रहा। उन्हें तुरंत प्रभाव से रोहतक का डीसी बनाया गया। इसे गुड़गांव में हुए जलभराव के कारण हो रही प्रदेश सरकार की किरकिरी का डैमेज कंट्रोल माना जाने लगा। ऐसे में यह पूरे सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।

 

आज सुबह मुख्यमंत्री मानेसर में आयोजित राज्य स्तरी वन महोत्सव कार्यक्रम में आए। इस दौरान भी बारिश जारी थी और कई स्थानों पर बरसात के कारण जलभराव भी हुआ था। हालांकि यह जलभराव पिछले साल तक होने वाले जलभराव की तुलना में बेहद ही कम रहा। इसी दौरान नगर निगम कमिश्नर व उपायुक्त उत्तम सिंह भी  शहर का दौरा करने के लिए निकले और जिन स्थानों पर सबसे अधिक जलभराव होता था उन स्थानों पर पहुंचे और लोगों से बात की। यहां और अधिक बेहतर कार्य करने के लिए निगम कमिश्नर और उपायुक्त ने लोगों से सुझाव भी लिए। आज दोनों अधिकारियों के गुड़गांव में जल निकासी प्रबंधों की जांच के दौरान हरियाणा सरकार ने 17 आईएएस व 7 एचसीएस अधिकारियों के ट्रांसफर ऑर्डर की नई लिस्ट जारी कर दी। इस बार भी जारी की गई लिस्ट में आईएएस प्रदीप दहिया का नाम शामिल रहा और उन्हें तुरंत प्रभाव से रोहतक डीसी के पद से वापस गुड़गांव नगर निगम कमिश्नर के पद पर लगाया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static