सभी 90 विधानसभा सीटों के लिए कर रहे हैं तैयारी, गठबंधन पर करेगा राष्ट्रीय नेतृत्व फैसलाः सुशील गुप्ता

punjabkesari.in Thursday, Jun 13, 2024 - 05:35 PM (IST)

रोहतक(दीपक): हरियाणा आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने हरियाणा लोकसभा चुनाव को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन हरियाणा में आम आदमी पार्टी प्रत्याशियों का सहयोग ना करती तो हरियाणा में लोकसभा के नतीजे कुछ और ही होते। वे दावे से यह कह सकते हैं कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता ने 10 की 10 लोकसभा सीटों पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों की दिल जान से मदद की है। सुशील गुप्ता आज रोहतक स्थित आम आदमी पार्टी जोनल कार्यालय में प्रेस वार्ता में बोल रहे थे।


इस दौरान उन्होंने हरियाणा सरकार पर बाढ़ की चिंता को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि 29 जून से मानसून आने का अंदेशा है, लेकिन हरियाणा सरकार ने अभी तक प्रदेश की नदियों में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं की है जिससे बाढ़ से बचा जा सके। पिछले साल आई बाढ़ से भी कोई सबक हरियाणा सरकार ने नहीं लिया है। प्रदेश के लोग डरे हुए हैं कि पिछले साल की तरह इस बार भी उन्हें बाढ़ का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने तो अपने क्षेत्र में यमुना नदी की सफाई करवा दी है और हर स्थिति से निपटने को तैयार है।

विधानसभा चुनाव में किसी भी गठबंधन को लेकर सुशील गुप्ता बोले कि आम आदमी पार्टी सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है और वह संगठन के साथ-साथ अपने बूथ को मजबूत कर रहे हैं। जहां तक किसी भी गठबंधन की बात है तो उसका फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता ने हरियाणा लोकसभा की सभी 10 सीटों पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों का दिल से सहयोग किया है तभी यह नतीजे आए हैं। अगर आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता मदद ना करता तो नतीजे कुछ और होते क्योंकि बहुत सी सीटों पर छोटे मार्जिन से हार जीत का फैसला हुआ है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static