हरियाणा के स्कूलों में गीता पढ़ाने की तैयारी, पाठ्यक्रम में शामिल करने पर सरकार कर रही काम : CM
punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 11:45 AM (IST)
कुरुक्षेत्र/चंडीगढ़: हरियाणा सरकार प्रदेश की शिक्षा प्रणाली में नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूती देने के लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार श्रीमद्भगवद्गीता के महान संदेशों को स्कूली शिक्षा और समाज के हर वर्ग से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसके तहत जल्द ही गीता के श्लोक और उसके जीवन-दर्शन को राज्य के स्कूलों के पाठ्यक्रम (Syllabus) में शामिल किया जाएगा, जिससे युवा पीढ़ी को कर्म, धर्म, ज्ञान और भक्ति के मूलभूत सिद्धांतों की सीख मिल सके।
मुख्यमंत्री देर शाम गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कुरुक्षेत्र स्थित गीता ज्ञान संस्थानम पहुंचे। वहां उन्होंने गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का शॉल ओढ़ाकर एवं मिठाई भेंट कर अभिनंदन किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और जन-कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार अपनी समृद्ध संस्कृति और आधुनिक विकास को एक साथ लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि "श्रीमद्भगवद्गीता केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं है, बल्कि यह मानव जीवन को सही दिशा में जीने का एक संपूर्ण विज्ञान है। इसके निष्काम कर्म का संदेश हमें बिना फल की चिंता किए निरंतर अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।"
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
अंत्योदय मेले से योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने का काम कर रही सरकार : मुख्यमंत्री सैनी
हरियाणा में मानसून सक्रिय: इन 5 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट, घर से बाहर निकलने से पहले पढ़ें ये खबर