कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवारों की घोषणा के बाद प्रियंका गांधी कर सकती हैं हरियाणा का दौरा- सूत्र
punjabkesari.in Wednesday, Mar 27, 2024 - 03:24 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी) : सूत्रों के अनुसार कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा आने वाले दिनों में हरियाणा के अंदर दौरा कर सकती है। प्रियंका गांधी हरियाणा में कांग्रेस के 10 लोकसभा उम्मीदवारों के नाम घोषित होने के बाद रैलियों को संबोधित करने हरियाणा आएंगी। प्रियंका गांधी की कोर कमेटी की सदस्य उनका हरियाणा में रैलियों को संबोधित करने का रोड मैप तैयार करने पर लगे हुए हैं।
ऐसी भी जानकारी है कि प्रियंका गांधी दो लोकसभा क्षेत्रों में रोड शो भी कर सकती हैं। हरियाणा के अंदर विभिन्न गुटों में बंटी कांग्रेस को एकजुट करने में प्रियंका गांधी का दौरा काफी सार्थक रह सकता है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा गुट, एसआरके गुट जिसमें रणदीप सुरजेवाला, कुमारी सैलजा, किरण चौधरी शामिल हैं। सभी प्रियंका, राहुल गांधी, सोनिया गांधी को अपना नेता मानते हैं। जानकारी मिली है कि हरियाणा के अंदर मुख्यमंत्री बदले जाने के बाद उभरे हरियाणा के राजनैतिक मुद्दों को प्रियंका गांधी अपने हरियाणा दौरे के दौरान उठा सकती हैं।
2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने सभी सीटों पर दर्ज की थी जीत
2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने हरियाणा में सभी लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी। भाजपा इस बार भी इसी मुहिम को सार्थक करने के प्रयास कर रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व को लगता है कि प्रियंका गांधी जिस प्रकार हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों से पहले जनसभाएं और रोड शो करके कांग्रेस की सरकार बनाने में सफल रही थी। उसी प्रकार हरियाणा में भी उनके आगमन से कोई चमत्कार हो सकता है। नवीन जिंदल जैसे मजबूत चहरे का हाल ही में कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल होना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है। कांग्रेस अभी तक अपने 10 उम्मीदवारों का चयन हरियाणा में नहीं कर पाई है, जबकि भाजपा ने इस मामले में बाजी मारते हुए 10 लोकसभा उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं। प्रियंका का आने वाले दिनों में दौरा कितना सार्थक होगा। यह तो भविष्य के गर्भ में है।