जनता PPP के फैसले की कर रही सराहना,विपक्ष के शोर मचाने से कुछ नहीं होगा: डॉ. बनवारी लाल
punjabkesari.in Wednesday, Sep 27, 2023 - 05:54 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी) : 2024 चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा दक्षिण हरियाणा क्षेत्र में जीत के लिए किए गए प्रयास पूरी तरह से फेल साबित होंगे, यह दावा किया है प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ बनवारी लाल ने। दक्षिण हरियाणा में बेहद मजबूत पकड़ वाले बनवारी लाल के अनुसार उनके क्षेत्र में आज कोई भी बड़ा प्रोजेक्ट पेंडिंग नहीं रहा। मुख्यमंत्री से जो जो मांगा दिल खोलकर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र का विकास किया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से पीने तक के पानी की परेशानी से जूझ रहे क्षेत्र को पीने के साथ-साथ यहां के खेतों को भी पर्याप्त पानी मिला है। अच्छे सड़कें, स्वास्थ्य सुविधाएं, अच्छे हाईवे इत्यादि के साथ-साथ क्षेत्रीय युवाओं को मुख्यमंत्री की पारदर्शिता से नौकरियां देने की सोच से लाभ मिला है। इसलिए आगामी चुनावों में कांग्रेस के हाथ कुछ नहीं लगेगा। उन्होंने अन्य राजनीतिक दलों समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत की। कुछ अंश आपके सामने प्रस्तुत है :-
प्रश्न: हाल ही में हुई दो राजनीतिक दलों जेजेपी- इनेलो की रैलियों को लेकर आपका क्या मानना है ?
उत्तर: यह चुनाव का समय है और हर पार्टी अपना जनाधार बढ़ाने के लिए- कार्यकर्ताओं से बात करने के लिए रैलियां करती है। राजनीति में यह कोई बड़ी बात नहीं है।
प्रश्न: लेकिन इनेलो रैली में कई बड़े चेहरे भी शामिल हुए हैं ?
उत्तर: हर बार चुनाव से पहले मोर्चे बनते हैं, लेकिन चुनाव आते आते यह बिखर जाते हैं और इनका भी यही हाल होना है।
प्रश्न: इनेलो रैली में पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने अपना उत्तराधिकारी औपचारिक रूप से घोषित किया है ?
उत्तर: यह उनकी पार्टी का निजी मामला है। प्रचार प्रसार के लिए गठबंधन के बड़े नेताओं के आने की सूचना थी, लेकिन उसमें इन्हें सफलता नहीं मिली। इस रैली के बाद यह संदेश साफ हो गया है कि इंडिया ग्रुप में एकता नहीं है।
प्रश्न: भाजपा की रीड की हड्डी दक्षिण हरियाणा बेल्ट का आने वाले समय में क्या रुख रहेगा ?
उत्तर: 2014 - 2019 के चुनावों में दक्षिण हरियाणा की लगभग सभी सीटें भारतीय जनता पार्टी ने जीती और इन 9 सालों के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दक्षिण हरियाणा में बहुत विकास किए हैं। सड़क- बिजली- पानी- शिक्षा- स्वास्थ्य हर क्षेत्र में अच्छा काम हुआ है और पारदर्शिता के कारण नौकरियों मे यहां के युवाओं को बहुत अधिक लाभ हुआ है। इसलिए आने वाले चुनाव में भी भाजपा ही इस क्षेत्र से जीत कर निकलेगी।
प्रश्न: लेकिन दक्षिण हरियाणा में कांग्रेस पूरी सक्रियता से जुटी हुई है ?
उत्तर: आज भी वहां कांग्रेस की स्थिति सही नहीं है। दो चुनाव सभी ने देख लिए, आने वाला चुनाव भी भाजपा के हक में रहेगा। आज भाजपा का ग्राफ वहां पहले से कहीं ऊंचा हुआ है।
प्रश्न: दक्षिण हरियाणा में पानी एक बड़ी समस्या सदा से रही है ?
उत्तर: दक्षिण हरियाणा क्षेत्र डार्क जोन में है। हालांकि पूरे हरियाणा में ही पब्लिक हेल्थ ने बहुत अच्छा काम किया। लेकिन हर घर नल से जल स्कीम के तहत लगातार बहुत अधिक कार्य हुआ है। मुख्यमंत्री की संजीदगी के चलते हमारे खेतों को भी लगातार नहरी पानी मिल रहा है। पीने के पानी की मात्रा बड़ी है। अब हमारे क्षेत्र में पानी कोई समस्या नहीं है।
प्रश्न: राव इंद्रजीत ने अफसरशाही की कार्यशैली को लेकर प्रश्न चिन्ह लगाया है ?
उत्तर: राव इंद्रजीत दक्षिण हरियाणा के कददावर नेता हैं। उन्होंने ऐसा महसूस किया होगा और मुख्यमंत्री से भी उन्होंने बात की है। लेकिन सभी अधिकारी भी एक जैसे नहीं होते जो अधिकारी ठीक नहीं है उन पर गंभीरता दिखाई जानी चाहिए।
प्रश्न: भाजपा प्रभारी विप्लव देव द्वारा कहा गया कि जेजेपी अपनी रैली सीकर में करें या यूरोप में, इस पर क्या कहेंगे ?
उत्तर: हर पार्टी अपने हिसाब से काम करती है। सभी का अपना-अपना संगठन है और सभी का अपने कार्यकर्ताओं से मिलने का अलग-अलग तरीका है। जेजेपी भी एक अलग पार्टी है, वह कैसे भी काम करें हमारा उनसे कोई लेना-देना नहीं है। यह पार्टी का आंतरिक मामला है। वह अपना काम कर रहे हैं, हम अपना काम कर रहे हैं।
प्रश्न: मिशन 2024 को लेकर दक्षिण हरियाणा के क्या प्रमुख मुद्दे रहने वाले हैं ?
उत्तर: हमारा आज कोई भी बड़ा मुद्दा बाकी नहीं रहा। एम्स को लेकर भी लगभग मामला सॉल्व हो गया है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एम्स का शिलान्यास करना है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और राव इंद्रजीत दोनों ने इसके लिए प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है। जब भी समय मिलेगा वह इसका शिलान्यास करेंगे बाकी कोई भी बड़ा प्रोजेक्ट हमारा पेंडिंग नहीं है।
प्रश्न: कांग्रेसी नेता अजय यादव- चिरंजीवी- राव दान सिंह ने दक्षिण हरियाणा से भेदभाव के आरोप भाजपा पर लगाए हैं ?
उत्तर: कांग्रेस के समय में दक्षिण हरियाणा की स्थिति का इन सभी को पता है। आज हमारे क्षेत्र में अच्छी सड़के हैं, नेशनल हाईवे है, बिजली पानी की कोई समस्या नहीं है। लेकिन विपक्ष का काम सरकार के हर काम की आलोचना करना होता है। वहां वास्तविक स्थिति बिल्कुल अच्छी है।
प्रश्न: मामन खान को लेकर कांग्रेस पार्टी भाजपा पर भेदभाव और राजनीतिक रंजिश का आरोप लगा रही है ?
उत्तर: मेवात की घटना में मिली फीडबैक के अनुसार पुलिस ने जांच की है। सबूत मिले होंगे, उसी आधार पर कार्रवाई हुई होगी। इसमें कोई ओर अन्य कारण नहीं है।
प्रश्न: उदयभान की पीएम- सीएम को लेकर टिप्पणियां और उसके बाद माफी को लेकर क्या कहेंगे ?
उत्तर: यह बयान बेहद निंदनीय थे। देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री बारे इस प्रकार की भाषा का प्रयोग शोभनीय नहीं हो सकता।
प्रश्न: अमृतसर में अमित शाह की मौजूदगी में मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा एसवाईएल को लेकर अपना स्टैंड क्लियर करना, इस पर आप क्या कहेंगे ?
उत्तर: हमें हमारा हक मिलना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने भी हमारे पक्ष में फैसला किया है और मुख्यमंत्री ने सही ढंग से इस मांग को रखा है। मुख्यमंत्री लगातार इस मामले को लेकर गंभीर नजर आए हैं और जल्द इसका लाभ भी हरियाणा वासियों को अवश्य मिलेगा।
प्रश्न: परिवार पहचान पत्र को लेकर कांग्रेस पूरी आक्रामक है, क्या कहेंगे ?
उत्तर:कोई भी नए कार्य करने में गलतियां अवश्य होती हैं और जो गलतियां सामने आई उसमें दुरुस्तगी हुई है। यह केवल टेक्निकल गलतियां थी।
प्रश्न: परिवार पहचान पत्र को परिवार परेशान पत्र कांग्रेस बता रही है ?
उत्तर: विपक्ष का काम सरकार की आलोचना का होता है। अगर वह सराहना करेगा तो वह विपक्ष कैसे रहेगा। परिवार पहचान पत्र के माध्यम से आज सही पात्र को सरकारी सुविधाओं का अपने आप ही लाभ मिलना शुरू हो गया है। जनता मुख्यमंत्री के इस फैसले की लगातार सराहना कर रही है। इसलिए विपक्ष के कहने और शोर मचाने से कुछ नहीं होगा।
प्रश्न: आपके सहकारिकता विभाग में क्या नया करने जा रहे हैं ?
उत्तर: हमारी प्राइमरी यूनिट पैक्स जिसमें किसानों को खाद -बीज- लोन इत्यादि की सुविधा मिलती हैं, हम उन सभी को लगभग कंप्यूटराइज कर चुके हैं जो रह गई है उन्हें हम जल्द कर देंगे। केंद्र ने एक सॉफ्टवेयर देना है, वह जल्द शुरू हो जाएगा। उसके बाद हमारी दूसरी इकाई को हम मल्टी सर्विस सेंटर के रूप में विकसित करने वाले हैं ताकि पैक्स सारे काम कर सके। हैफेड, डेयरी, शुगर समेत सभी प्रोडक्ट पैक्स पर मिल सके। ताकि गांव के लोगों को सस्ती दर पर अच्छी क्वालिटी के उत्पाद इत्यादि हासिल हो सके।गैस एजेंसी- पेट्रोल पंप- गाड़ियों की एजेंसी भी आसानी से लोगों को मिल सके।