हिसार में चुनावी रैली का आगाज करने आएंगे पंजाब के सीएम मान, इस शहर में करेंगे बड़ी RALLY

punjabkesari.in Wednesday, Jul 24, 2024 - 05:41 PM (IST)

हिसार (विनोद सैनी): आम आदमी पार्टी द्वारा 26 जुलाई शुक्रवार को हिसार जिले के बरवाला हल्के में एक बड़ी रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली में मुख्य अतिथि के तौर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान उपस्थित होंगे और साथ ही हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व सांसद सुशील गुप्ता, पार्टी नेता अनुराग दंड सहित अन्य नेता शामिल होंगे। यह रैली बरवाला की नई अनाज मंडी में आयोजित की जायेगी।

इस बारे में जानकारी देते हुए आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयुक्त सचिव डॉ. सीपी गुप्ता ने बताया की ये रैली बरवाला के इतिहास की आज तक की सबसे बड़ी रैली होने जा रही है और इसी के साथ आम आदमी पार्टी हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर अपना चुनावी बिगुल बजा देगी।

PunjabKesari

पत्रकार वार्ता में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. गुप्ता ने बताया कि अरविंद केजरीवाल ने जेल में रहते हुए हरियाणा के लिए पांच गारंटियां भेजी हैं और उनकी धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल ने हाल ही में ये पांच गारंटी प्रदेश को समर्पित की हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी दोनों पार्टियों का राज देख चुकी है और उन्हें समझ आ गया है कि ये दोनों पार्टियों प्रदेश का भला नहीं करने वाली है। भारतीय जनता पार्टी की वर्तमान सरकार ने किसानों, कर्मचारियों, मजदूर और आम आदमियों को इतना तंग किया है की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है। जिस तरीके से जनता ने दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी को सत्ता की चाबी सौंपी है उसी तरीके से हरियाणा की जनता आने वाले विधानसभा चुनाव में बड़ा बदलाव करते हुए आम आदमी पार्टी की सरकार बनाएगी। पार्टी की पांच गारङ्क्षटयों में 24 घंटे बिजली, गरीबों को 300 यूनिट तक फ्री बिजली, महिलाओं को फ्री बस सेवा, 1000 महीना की सहायाता, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन तथा युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों के खाली पड़े पदों को भरने की गारंटी शामिल है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार दिल्ली में जनता ने भ्रष्टाचारी कांग्रेस सरकार के विकल्प के तौर पर बनाई थी। अब हरियाणा में भाजपा की भ्रष्टाचारी सरकार का विकल्प भी केवल आम आदमी पार्टी ही है। इस रैली के बाद हरियाणा में आप की सरकार के लिए एक नई लहर उठेगी जो सत्ता हासिल करके ही दम लेगी।

आम आदमी पार्टी महिला विंग की प्रदेश उपाध्यक्ष वीणा कतीरा ने इस मौके पर कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने दिल्ली में महिलाओं के सम्मान को आगे रखते हुए सबसे पहले महिलाओं के लिए FREE बस सेवा की घोषणा की और उसे लागू किया। भाजपा में महिलाओं का सम्मान तो दूर उनके साथ दुर्व्यवहार होता है। भाजपा के नेता महिलाओं के खिलाफ अत्याचार में सबसे आगे खड़े नजर आते हैं। ऐसे में हरियाणा की महिलाएं विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को जिताने के लिए वोटिंग लाइन में सबसे आगे खड़ी नजर आयेंगी और झाड़ू के निशान का बटन दबाकर पार्टी की सरकार बनवायेंगी।

रैली को लेकर तैयारियां पूरी

पार्टी के जिला अध्यक्ष रविन्द्र श्योराण ने कहा कि 26 जुलाई की रैली को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पार्टी के नेता व कार्यकताओं ने गांव-गांव तक जनसंपर्क अभियान चलाया है और इस रैली को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।

पार्टी के बरवाला ब्लॉक हिसार खंड के अध्यक्ष व पूर्व सरपंच शक्ति सिंह ने कहा कि आज भाजपा भ्रष्टाचार में डूबी है और कांग्रेस में गुटबाजी हावी है। आम आदमी पार्टी में एक सीट से टिकट के कई दावेदार हैं तो भी वो पार्टी के लिए मिलकर काम कर रहे हैं ने कि एक दूसरे की टांग खींच रहे हैं। इसी कारण जनता ने हरियाणा में बदलाव का मन बना लिया है। इस मौके पर पार्टी के सचिव बीएल शर्मा, बरवाला ब्लॉक अध्यक्ष मास्टर सतपाल व उकलाना से नरेन्द्र भी उपस्थित थे। खास बात ये थी कि बरवाला से टिकट की चाह रखने वाले सभी नेता इस पत्रकार वार्ता में उपस्थित रहे और पार्टी की एकता का सबूत दिया।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Nitish Jamwal

Related News

static