बेलगाम महंगाई के लिए भाजपा की नीतियां जिम्मेदार: राजन राव

punjabkesari.in Tuesday, Jul 06, 2021 - 03:00 PM (IST)

गुरुग्राम (गौरव): हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति की अध्यक्ष कुमारी सैलजा के राजनीतिक सचिव व दक्षिण हरियाणा के प्रभारी राजन राव ने कहा कि देश में बेलगाम महंगाई के लिए भाजपा सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं। भाजपा को आमजन की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है, बढ़ती महंगाई के बीच सरकार की निष्क्रियता और चुप्पी ने यह साबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि महंगाई का मूल कारण पेट्रोल डीजल के दामों में लगातार हो रहा इजाफा है।

सोमवार को लगातार दूसरे दिन पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। राजधानी दिल्ली में आज पेट्रोल 35 पैसे महंगा हुआ है। इस बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल 99.86 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। इस महीने तीसरी बार पेट्रोल की कीमत में इजाफा हुआ है। राजस्थान और मध्य प्रदेश में पेट्रोल 110 रुपए लीटर के पार निकल गया है। देश के 19 राज्यों में पेट्रोल और 3 राज्यों में डीजल 100 रुपए प्रति लीटर के पार निकल गया है। 

राजन राव ने कहा देश के 16 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मणिपुर, तेलंगाना, सिक्किम और राजस्थान के सभी जिलों में पेट्रोल 100 रुपए पर पहुंचा गया है। वहीं जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उड़ीसा, चंडीगढ़, तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल, पांडिचेरी, त्रिपुरा और लद्दाख में भी कई जगहों पर पेट्रोल 100 रुपए लीटर के पार निकल गया है। वहीं डीजल की बात करें तो ये उड़ीसा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में 100 रुपए से भी ऊपर निकल गया है

जून में 18 बार बढ़े थे दाम 
जून में फ्यूल प्राइसेज में 16 बार बढ़ोतरी हुई। इस महीने राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 4 रुपए 58 पैसे और डीजल 4 रुपए 02 पैसे महंगा हुआ। इससे पहले मई में भी पेट्रोल-डीजल के दाम 16 बार बढ़े थे।

इस साल अब तक पेट्रोल 15.89 और डीजल 15.24 रुपए महंगा हुआ 
इस साल एक जनवरी को पेट्रोल 83.97 और डीजल 74.12 पर था, जो अब 99.86 और 89.36 रुपए प्रति लीटर पर है। यानी 6 महीनों में पेट्रोल 15.89 और डीजल 15.24 रुपए महंगा हुआ है। जून में अब तक पेट्रोल 4 रुपए 23 पैसे और डीजल 3 रुपए 74 पैसे महंगा हो चुका है। उन्होंने कहा कि 2014 में मोदी सरकार आने के बाद वित्त वर्ष 2014-15 में पेट्रोलियम प्रोडक्ट पर एक्साइज ड्यूटी से 1.72 लाख रुपए की कमाई हुई थी। 2020-21 में यह आंकड़ा 4.54 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया। यानी सिर्फ 6 सालों में ही एक्साइज ड्यूटी से केंद्र सरकार की कमाई 3 गुना हुई। वहीं राज्यों को पेट्रोल-डीजल पर वैट लगाने से होने वाली कमाई 5 साल में 43% बढ़ी है।

वित्त वर्ष 2014-15 में इससे होने वाली कमाई 1.37 लाख करोड़ थी जो 2020-21 में बढ़कर 2.03 लाख करोड़ पर पहुंच गई। कोरोना की वजह से लगाए गए लॉकडाउन के बावजूद भी सरकार ने पेट्रोल- डीजल पर भारी टैक्स वसूलकर अपना खजाना भरा है। पेट्रोल डीजल के साथ ही दूध और रसोई गैस के दाम भी बढ़ रहे हैं। सरकार आम आदमी के हितों पर कुठाराघात कर रही है। सरकार को महंगाई काबू करने के उपाय तत्काल करने चाहिए। उन्होंने कहा कि महंगाई पर अर्धनग्न होकर तमाशा करने वाले अपनी सरकार की करतूतों पर चुप क्यों हैं? भाजपा एक तरफ देश हित की बात करती है दूसरी ओर देश को अराजकता के अंधकार में धकेल रही है। देश की जनता भाजपा का खेल समझ चुकी है। भाजपा को उसकी करनी का फल जनता जरूर देगी।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vinod kumar

Recommended News

Related News

static