घमंडिया गठबंधन के पास नीति, नीयत और नेतृत्व तक नहीं : नायब सैनी

punjabkesari.in Wednesday, Apr 03, 2024 - 07:13 PM (IST)

चंडीगढ़(धरणी):  यमुनानगर की छछरौली विजय संकल्प रैली एवं अपने अभिनंदन समारोह में उमड़े जनसैलाब के बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मैं आप लोगों का भाई पहले हूं और मुख्यमंत्री बाद में हूं। मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री सैनी ने विपक्ष को घमंडिया गठबंधन कहकर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए घमंडिया गठबंधन के पास ना नीति है, ना नीयत है और ना ही नेतृत्व है। श्री सैनी ने कहा कि भाजपा के पास राष्ट्र को विकसित बनाने की नीति है, मोदी जैसा प्रभावशाली नेतृत्व है और देश को समृद्ध करने के लिए साफ नीयत है। जबकि कांग्रेस का लक्ष्य झूठ और भ्रम फैलाकर सत्ता प्राप्ति करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य सत्ता के माध्यम से सेवा करना है। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया को प्रचंड बहुमत से जिताने की अपील भी की। कार्यक्रम में बोलते हुए कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने भी सरकार की उपलब्धियां गिनवाई और विपक्ष हमलावर रहे।

बुधवार को यमुनानगर की छछरौली अनाज मंडी में आयोजित समारोह में पहुंचने पर नायब सैनी का भाजपा पदाधिकारियों द्वारा पगड़ी पहनाकर व गदा भेंटकर भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर आढ़तियों ने नायब सैनी को भगवान श्री कृष्ण की प्रतिमा भेंट की और सैनी समाज ने भी फूल मालाओं से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। स्वागत से गदगद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि मैं आप लोगों का भाई पहले हूं और मुख्यमंत्री बाद में। उन्होंने कहा कि यह सम्मान आप सभी का सम्मान है। उन्होंने कहा कि मैं आपके सम्मान की सदा रक्षा करूंगा।

सीएम नायब सैनी ने कहा कि मोदी और डबल इंजन की सरकार ने 10 वर्षों में लाजवाब काम किए हैं। भाजपा ने जो कहा वह समय पर करके दिखाया है। कांग्रेस की कार्यशैली पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री श्री सैनी ने कहा कि कांग्रेस के लोग झूठी घोषणा करके लोगों से वोट ले लेते थे, लेकिन कांग्रेस के तीन-तीन कार्यकालों में भी लोगों के काम नहीं होते थे। चुनाव दर चुनाव कांग्रेस सिर्फ झूठे आश्वासन देकर लोगों को बरगलाती रही और वोट लेकर सत्ता का सुख भोगती रही। उन्होंने कहा कि अब जनता कांग्रेस की मंशा जान चुकी है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने लोगों के जीवन को सरल बनाया है। सड़कों का जाल बिछाकर बेहतर कनेक्टिविटी लोगों को दी है। दस वर्षों में एक नया हरियाणा बनाने का काम भाजपा की सरकार ने किया है, जिसकी चर्चा हर व्यक्ति आज कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार काम करने वाली है। नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया में भारत का नाम उंचा किया है। पीएम मोदी के नेतृत्व को दुनिया देख रही है कि किस प्रकार से प्रधानमंत्री मोदी ने हस्तक्षेप करते हुए रूस को यूक्रेन पर परमाणु हमला करने से रोका और मानवता की रक्षा की। भारत का व्यक्ति दुनिया के किसी भी देश में बैठा हो वह अपने आपको सुरक्षित महसूस करता है, यही बदलता हुआ सुरक्षित और मजबूत भारत है।

नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ताकत भारत की 140 करोड़ जनता है। जनता के आशीर्वाद और समर्थन से पीएम मोदी ने बड़े-बड़े फैसले लिए हैं। 2014 और 2019 में देश और प्रदेश की जनता ने कमल का बटन दबाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता के विश्वास पर खरा उतरे हैं। उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री मोदी का लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का है और इसमें 140 करोड़ लोगों की भूमिका महत्वपूर्ण है। नायब सैनी ने उपस्थित जन समूह से अपील की कि एक-एक व्यक्ति अपना वोट देश के विकास के लिए डालें, विकसित भारत के लिए डालें और मोदी जी के लिए डालें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static