दीप सिद्धू के साथ भाजपा नेताओं का क्या है रिश्ता बताए आलाकमान: राजन राव

punjabkesari.in Wednesday, Jan 27, 2021 - 05:15 PM (IST)

गुरुग्राम (गौरव): हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति की अध्यक्ष कुमारी शैलजा के राजनीतिक सचिव व दक्षिण हरियाणा के प्रभारी राजन राव ने गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में हुए उपद्रव के लिए पूरी तरह भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि लाल किला की प्राचीर पर निशान साहिब फहराने वाला कोई किसान नहीं बल्कि भाजपा का कार्यकर्ता था। उसकी पहचान दीप सिद्धू के रूप में हुई है। यही दीप सिद्धू लोकसभा चुनाव में गुरदासपुर में सन्नी देओल का स्टार प्रचारक था। 

सोशल मीडिया पर दीप की फोटो भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ वायरल हो रही है। सबसे पहले भाजपा यह साफ करे कि दीप सिद्धू से उसके क्या संबंध हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हुआ उपद्रव भाजपा की सोची समझी साजिश का नतीजा है। भाजपा अपनी करनी को भोले भाले किसानों पर थोपना चाहती है। उन्होंने कहा कि दो महीने से किसान पूरी तरह शांति के साथ अपना प्रदर्शन कर रहे हैं। कहीं भी हिंसा नहीं हुई। उल्टे किसानों ने ही भाजपा के जुल्म सहे हैं। 

लाल किले के प्राचीर पर तिरंगे का पूरा सम्मान होना चाहिए लाल किले पर जो हुआ वो सही नही हुआ। लेकिन बड़ी बात ये है कि जिस व्यक्ति ने लाल किले के प्राचीर पर निशान साहिब का झंडा फहराया वो लोकसभा चुनाव में भाजपा नेता सन्नी देओल के साथ था और कई बार प्रधानमंत्री और अमित शाह से मिल चुका है, जिसका सबूत उसकी फोटो है। भाजपा ने कड़कड़ाती ठंड में किसानों पर ठंडे पानी की बौछारें की, आंसू गैस के गोले दागे। फिर भी किसानों ने अपना धैर्य नहीं खोया। 

गणतंत्र के दिन भी किसान शांतिपूर्ण तरीके से ही केवल ट्रैक्टर परेड करने तय रूट पर गए थे। सवालों के घेरे में खुद सरकार है। लाल किला तक इतनी भारी संख्या में उपद्रवी कैसे पहुंच गए। जब पुलिस ने पूरा बंदोबस्त किया था तो मुट्ठी भर लोग लाल किला पर पहुंच गए। ये अपने आप में हास्यास्पद है। भाजपा ने किसानों के आंदोलन को समाप्त करने के लिए सोची समझी साजिश के तहत ये पूरे का पूरा ड्रामा रचा है। क्योंकि किसान संगठन लगातार दीप सिद्धू को अपने कार्यकर्मो से दूर रख रही थी और उसे अपने स्टेज पर जगह भी नही दे रही थी। लेकिन किसान संगठनों का आरोप है कि 26 जनवरी को दीप सिद्धू अचानक से आया और कुछ लोगो को अपने साथ लेकर किसान परेड से अलग रूट पर ले गया और पूरे किसान आंदोलन को बदनाम करने की साजिश में कामयाब रहा।  

दीप सिद्धू की गहन जांच होनी चाहिए। पूरा खेल भाजपा ने बिगाड़ा है। भाजपा का राष्ट्र प्रेम इस घटना से पूरे देश के सामने आ गया है। भाजपा अपने स्वार्थ के लिए किसी भी हद तक गिर सकती है। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर परेड में केवल देश का किसान शमिल हुआ है। किसी भी राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ता इसमें शामिल नहीं थे। जिन लोगों ने उपद्रव किया वो भाजपा के लोग हैं। किसानों और आंदोलन को बदनाम कर सरकार आंदोलन को खत्म कराने का प्रयास कर रही है। लेकिन किसान आंदोलन इन ओछे हथकंडों से खत्म नहीं होगा। किसान कानूनों को रद्द होने की कोई भी कीमत चुकाने को तैयार है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vinod kumar

Recommended News

Related News

static