सिविल अस्पताल में मरीज रामभरोसे, कोई भी चिकित्सक नहीं आ रहा राऊंड पर

punjabkesari.in Saturday, Oct 19, 2019 - 01:00 PM (IST)

जींद (प्रमोद) : सिविल अस्पताल में आजकल मरीज रामभरोसे हैं। कारण यह है कि सिविल अस्पताल के मैडीकल वार्ड में कोई भी चिकित्सक राऊंड पर नहीं आ रहा। पिछले 5 दिन से कोई भी चिकित्सक राऊंड पर मरीजों से उनका हालचाल जानने के लिए नहीं आया। मजबूरी में सिविल अस्पताल से मरीजों को प्राइवेट अस्पतालों की ओर रुख करना पड़ रहा है। सिविल अस्पताल प्रशासन इस मामले में पूरी तरह से आंख बंद किए हुए बैठा है।

अब हालात यह है कि सिविल सर्जन को कई बार सूचना देने के बाद भी चिकित्सक अपनी ड्यूटी नहीं संभाल रहे। इससे मरीजों की परेशानी बढऩा स्वाभाविक है। सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं बिल्कुल ठप्प पड़ी हैं। कोई चिकित्सक आया है या आया नहीं है किसी की कोई जानकारी नहीं है। मैडीकल वार्ड में मरीजों की देखभाल के लिए डा. आर.एस. तंवर तथा डा. सतीश सुलेख की ड्यूटी लगाई हुई है, लेकिन दोनों चिकित्सक 5 दिनों से मैडीकल वार्ड में नहीं पहुंच रहे हैं।

हालांकि इन चिकित्सकों की हाजिरी बायोमैट्रिक लगती है, लेकिन यह कौन से कमरे में ओ.पी.डी. देखते हैं किसी को कुछ भी पता नहीं है। ऐसा ही हाल मैडीकल सुपरिंटैंडैंट डा. गोपाल गोयल का है वह भी 2 दिन से सिविल अस्पताल से गायब हैं। इसके बारे में अस्पताल प्रबंधन को भी पता नहीं है कि वह छुट्टी पर चल रहे हैं या कोई और कारण है।बार-बार सिविल सर्जन को कहने के बाद भी चिकित्सक नहीं आ रहे हैं। खुद एम.एस. डा. गोपाल गोयल का भी किसी को पता नहीं है कि वह छुट्टी पर हैं या फिर कहीं गए हुए हैं।

सवाल यह उठता है कि अस्पताल के बड़े अधिकारी ही खुद गायब हंै तो जवाबदेही किसकी बनती है। सिविल सर्जन की बात मानें तो उन्होंने 3 चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई है। इसमें से 2 चिकित्सक छुट्टी पर चल रहे हैं। अकेले एक चिकित्सक कैसे 24 घंटे मरीजों की जांच कर पाएंगे। एक चिकित्सक द्वारा अपनी ड्यूटी के दौरान या तो एमरजैंसी ड्यूटी की जाएगी या फिर ओ.पी.डी. ही देखी जाएगी। सिविल सर्जन या एम.एस. द्वारा 2 चिकित्सकों के छुट्टी की जानकारी होने के बावजूद 5 दिन तक किसी और अन्य चिकित्सकों की ड्यूटी क्यों नहीं लगाई गई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static