सब स्टेशन में फुंका मुख्य ट्रांसफार्मर, रेपिड मेट्रो ठप, यात्रियों को ट्रैक के जरिए स्टेशन पर भेजा, कई सेक्टरों की लाइट गुल
punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 10:45 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): नए गुड़गांव की लाइफ लाइन कही जाने वाली रेपिड मेट्रो आज देर शाम को उस वक्त ठप हो गई जब सेक्टर-72 के सब स्टेशन में मुख्य ट्रांसफार्मर फुंक गया। इस दौरान रेपिड मेट्रो में यात्री फंस गए जिन्हें आपातकालीन द्वार के जरिए बाहर निकाला गया और नजदीकी रेपिड मेट्रो स्टेशन पर रेलवे ट्रैक के जरिए पैदल भेजा गया। वहीं, रेपिड मेट्रो का प्लेटफार्म पर इंतजार कर रहे यात्रियों को भी स्टेशन पर परेशान होना पड़ा। बाद में यात्रियों को स्टेशन से वापस भेजा गया। वहीं, इस ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण नए गुड़गांव के कई सेक्टरों की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
अधिकारियों की मानें तो बिजली आपूर्ति सुचारू करने में 10 घंटे तक का समय लग सकता है। ऐसे में न केवल रेपिड मेट्रो की सेवाएं बंद रहेंगी बल्कि नए गुड़गांव के करीब एक दर्जन सेक्टरों को भी बिजली आपूर्ति नहीं हो पाएगी। बिजली निगम के अधिकारियों की मानें तो हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम का मुख्य ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण सात बिजली घरों में बिजली की आपूर्ति ठप हो गई। शुक्रवार देर शाम को सेक्टर-72 स्थित 220केवीए का मुख्य ट्रांसफार्मर फुंक गया। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के इस ट्रांसफार्मर के जरिए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के सब स्टेशन को बिजली आपूर्ति की जाती है जो उपभोक्ताओं को घरों तक बिजली कनेक्शन देते हैं। मुख्य ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण सेक्टर-15, 38, 44, 46, 52, 56 और मारुति स्थित 66केवीए के सब स्टेशन पर बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
अधिकारियों की मानें तो मुख्य ट्रांसफार्मर की मरम्मत करने अथवा इसे बदलने में 10 घंटे तक का समय लग सकता है। उक्त 66 केवीए के सब स्टेशन से आपूर्ति होने वाली बिजली के लोड को दूसरे सब स्टेशनों पर स्थानांतरित कर शहर में बिजली आपूर्ति सुचारू किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। शहर में सेक्टर-38 से सेक्टर-57 तक बिजली आपूर्ति ठप है। वहीं, इसका असर पुराने गुड़गांव के सेक्टर-15 पार्ट-1 और 2 सहित सेक्टर-18 में पड़ा है। यहां बिजली आपूर्ति सुचारू करने के लिए बिजली निगम के कर्मचारी लोड ट्रांसफर करने में लगे हैं ताकि लोगों को परेशानी न हो। वहीं, आला अधिकारी भी इस पूरे कार्य पर अपनी नजर बनाए हुए हैं। अब मुख्य ट्रांसफार्मर की मरम्मत के बाद ही रेपिड मेट्रो की सेवाएं बहाल हो पाएंगी।
वहीं, दिल्ली मेट्रो के प्रवक्ता अनुज दयाल और हिमांशू ने बताया कि ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण देर शाम 7 बजकर 50 मिनट पर येलो लाइन का गुड़गांव सेक्शन व रेपिड मेट्रो की सेवाएं ठप हो गई थी। येलो लाइन की सेवाओं को स्टैंडबाइ सब स्टेशन के जरिए बिजली आपूर्ति कर सुचारू कर दिया गया। वहीं, सेक्टर-72 सब स्टेशन पर पावर सप्लाई रेगुलेट होते ही रेपिड मेट्रो की सेवाएं भी सुचारू कर दी गई। मेट्रो सेवाएं गुड़गांव सेक्शन में रात 8 बजकर 33 मिनट पर सुचारू हो गई थी।