नल्हड़ के शिव मंदिर से ब्रज मंडल जलाभिषेक यात्रा शुरू, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात; बिट्टू बजरंगी फरीदाबाद में हाउस अरेस्ट
punjabkesari.in Monday, Aug 03, 2026 - 12:56 PM (IST)
नूंह/फरीदाबाद ( अनिल राठी) : नल्हड़ के शिव मंदिर से आज सावन के पहले सोमवार पर हिंदू संगठनों द्वारा ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा शुरु हो गई है। यह यात्रा आज नल्हड़ेश्वर (नल्हड़) मंदिर से शुरू होकर फिरोजपुर झिरका के झिरकेश्वर महादेव मंदिर होते हुए सिंगार गांव के श्रृंगेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी। यहां जलाभिषेक के साथ यात्रा का समापन होगा।
सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात
यात्रा के दौरान सुरक्षा के लिए लगभग 2200 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जिसमें 13 डीएसपी भी सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रखेंगे । यात्रा मार्ग पर लाठी-डंडे और अन्य हथियार लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी। यह यात्रा लगभग 90 किलोमीटर लंबी है। अनुमान है कि 7000 श्रद्धालु इस यात्रा में शिरकत कर सकते हैं।
बिट्टू बजरंगी फरीदाबाद में हाऊस अरेस्ट
नूंह हिंसा के आरोपी राजकुमार पांचाल उर्फ बिट्टू बजरंगी को पुलिस ने घर पर हाउस अरेस्ट कर दिया है। वह आज नूंह में शिव मंदिर पर जल चढ़ाने के लिए जाने वाले थे। लेकिन पुलिस प्रशासन के द्वारा उसको परमिशन नही दी गई है। देर रात से ही पुलिस की एक टुकड़ी उनके घर के बाहर तैनात कर दी गई।
साल 2023 में हुई थी हिंसा
साल 2023 में नूंह में 31 जुलाई को नल्हड़ महादेव मंदिर पर जलाभिषेक यात्रा के दौरान दो समुदाय के बीच मं हिंसा हो गई थी। इस दौरान उपद्रवियों ने पथराव, आगजनी और फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दिया था। इसमें 6 लोगों की मौत हुई थी जिनमें 2 होमगार्ड शामिल थे। नूंह हिंसा से जुड़े 100 से अधिक मामलों में कुल 595 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
बजरंगी बोले मुझे पूजा करने का हक नही
बिट्टू बजरंगी ने कहा कि इस देश में किसी को कही भी जाकर पूजा करने का हक है। लेकिन प्रशासन को केवल बिट्टू बजरंगी दिखाई देता है। उसको नूंह में घूसने नही दिया जा रहा है। वह भी इस देश का ही रहने वाला है लेकिन पुलिस के द्वारा उसके साथ ऐसा बर्ताव किया जा रहा है जैसे वह कोई आतंकवादी हो। रात के 11 बजे से ही पुलिस उसके घर पर पहुंच गई और उसको हाउस अरेस्ट किया हुआ है।
मामन खान पर साधा निशाना
नूंह जिले की फिरोजपुर झिरका विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक मामन खान को लेक बिट्टू बजरंगी ने कहा कि वो आज भी नूंह में बैठा है। लेकिन उसका देश निकाला नही हो रहा है। उनको हर बार जाने से रोक दिया जाता है। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नही है जब भारत में नेपाल और बंगाल जैसे हालात हो जाएंगे।