रत्न लाल और आसिम गोयल ने बैठक कर कार्यकर्ताओं को दी जिम्मेदारी: तिरंगा अभियान
punjabkesari.in Saturday, Aug 06, 2022 - 08:22 PM (IST)

अंबाला(अमन कपूर): हर घर तिरंगा अभियान को लेकर भाजपा द्वारा मंडल स्तर पर बैठके की जा रही है। इसी को लेकर अंबाला में सांसद रत्न लाल कटारिया व विधायक असीम गोयल ने बैठक करके कार्यकर्ताओं की झंडे लगाने को लेकर जिम्मेदारी तय की। इस दौरान कटारिया ने कांग्रेस को जमकर निशाने पर लिया और विधायक असीम गोयल ने कांग्रेस पर तिरंगे का रंग चुराने का आरोप भी लगाया।
हर घर तिरंगा अभियान को लेकर भारतीय जनता पार्टी मंडल स्तर पर बैठके कर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करने का काम कर रही है। आज अंबाला में सांसद रत्न लाल कटारिया व विधायक असीम गोयल ने कई बैठके की। जिसमें कार्यकर्ताओं के साथ हर घर झंडा अभियान को कामयाब बनाने की रणनीति तय की। इस दौरान रत्न लाल कटारिया ने कहा कार्यकर्ताओं में बहुत जोश है। इस कार्यक्रम के जरिए हम वीर जवानों को याद कर रहे हैं। उन्ही की वजह से हम आजादी के हिलोरे ले रहे हैं। इसकी गूंज पूरे विश्व में सुनाई देगी। असीम गोयल ने इस दौरान कहा जिसे देश से प्यार होगा वो अपने घर पर तिरंगा जरूर लगाएगा।
इस दौरान सांसद रत्न लाल कटारिया व विधायक असीम गोयल ने कांग्रेस द्वारा प्रदर्शन करने व मोदी से न डरने के सवाल पर कांग्रेस को जमकर आड़े हाथों लिया। कटारिया ने कहा किसने कहा डरो, लेकिन भ्रष्टाचार और लूट से तो डरो। कांग्रेसी काले कपड़े पहनकर आए, लेकिन इनका कोयले की दलाली में पहले ही मुंह काला है। इस दौरान विधायक असीम गोयल ने कहा राहुल गांधी ने अपनी सरकार के समय मे प्रधानमंत्री के हाथ से कागज फाड़ दिया था। उस वक्त ईडी, CBI कांग्रेस के तोते थे। आज निष्पक्ष कार्रवाई हो रही है। इन्होंने चोरी नही की तो ये डरे नही। इस दौरान विधायक असीम गोयल ने कांग्रेस और तिरंगे का रंग चुराने के भी आरोप लगाए।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)