कारनामा: चूहों ने खोखला कर दिया 20 करोड़ का ओवरब्रिज, पांच फीट तक धंसा

punjabkesari.in Wednesday, Mar 24, 2021 - 06:48 PM (IST)

सोनीपत (पवन राठी): सुनने में अजीब लगता है, लेकिन देखने में हॉलीवुड की किसी फिल्म के सीन से कम नहीं है। चूहों ने शहर के बीच 20 करोड़ की लागत से बने रोहतक रोड रेलवे ओवरब्रिज के बेस को खोखला कर दिया है। हालात यह है कि चौक की तरफ उतरते हुए बेस पर पांच फीट तक सड़क व फुटपाथ धंस गया है। धंसते ओवरब्रिज पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। एक तरफ सीवरेज पानी से यह बुरी तरह टूटा है, तो वहीं दूसरी तरफ चूहों ने नीचे से इसे खोखला कर दिया है। यहां बड़ा हादसा हो सकता है। करीब तीन साल पहले ही इसकी ढाई करोड़ से स्पेशल मरम्मत कार्य हुआ था।

PunjabKesari, haryana

रोहतक रोड पर दिल्ली अंबाला रेलवे लाइन के ऊपर बने पुराने ब्रिज पर दोनों तरफ के बेस को बुरी तरह नुकसान हो रहा है। यहां अब नया कारनामा चूहों ने कर दिया है। ओवरब्रिज से शहर की तरफ उतरते हैं तो पांच फीट लंबाई में ओवरब्रिज धंस गया है। फुटपाथ के अलावा सड़क भी काफी धंसी है। वाहन चालकों के लिए यहां खतरा पैदा हो गया है। समय रहते सुधार नहीं हुआ तो ओवरब्रिज को भी बड़ा खतरा बन सकता है। ओवरब्रिज के बेस की मिट्‌टी हजारों की संख्या में बिल बनाकर चूहों ने खोखली कर दी है।

PunjabKesari, haryana

करीब तीन दशक पहले रोहतक रोड ओवरब्रिज का निर्माण कार्य किया गया था। अब 20 हजार से अधिक वाहन हर दिन यहां से गुजरते हैं, जिसमें भारी वाहन भी काफी संख्या में हैं। उस समय की ट्रैफिक व्यवस्था के अनुसार इसे डिजाइन किया गया था। यह 840 मीटर लंबा और साढ़े सात मीटर चौड़ा टू लेन है। जिस पर दोनों तरफ एक-एक मीटर का फुटपाथ है। बढ़ते ट्रैफिक की वजह से पांच साल पहले इसके साथ लगते एक और ओवरब्रिज 24 करोड़ की लागत से बना है। नया ओवरब्रिज रोहतक की तरफ जाने के लिए और पुराना ओवरब्रिज रोहतक की तरफ से शहर की तरफ आने के लिए इस्तेमाल हो रहा है। 

PunjabKesari, haryana

रोहतक रोड ओवरब्रिज अब एनएचएआई के अधीन है। तीन साल पहले करीब 2.20 करोड़ रुपए की लागत से ओवरब्रिज की स्पेशल मरम्मत कर इसकी लाइफ दस साल ओर बढ़ाई गई थी। जिसमें कारपेटिंग के साथ फुटपाथ और रेलिंग की मरम्मत सहित छोटे-बड़े सभी कार्य किए गए थे। इसके बाद निगरानी नहीं होने से फुटपाथ भी कई जगह टूट गए और अब चूहों ने बड़ा खतरा पैदा कर दिया है। वहीं इस बारे पीडब्ल्यूडी अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि हमारे संज्ञान में मामला आया है।  इसको लेकर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों को शिकायत दे दी गई है। जल्द से जल्द ओवरब्रिज को ठीक करवा दिया जाएगा।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vinod kumar

Recommended News

Related News

static