रिचेकिंग ने बदला नसीब; 499 अंक लेकर हरियाणा टॉपर बनी दीपांशी, SDM ऑफिस में मिला खास सम्मान
punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 08:07 PM (IST)
उचाना (हरदीप श्योकन्द): उचाना की होनहार छात्रा एवं हरियाणा टॉपर दीपांशी जैन को मंगलवार को उपमंडल कार्यालय में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ग्रीन सिटी सेक्टर-7 की ओर से दीपांशी जैन को प्रोत्साहन स्वरूप स्कूटी भेंट कर सम्मानित किया गया।
दीपांशी जैन ने कहा कि उनके 10वीं में पहले 492 अंक आए थे। लेकिन वह उन अंकों से संतुष्ट नहीं थीं। इसके बाद उन्होंने रिवोल्यूशन का फॉर्म भरा जिसके बाद उनके अंक बढ़कर 499 हो गए। वह हरियाणा टॉपर बनीं। दीपांशी ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता शिक्षकों और बड़ी बहन को दिया। उन्होंने कहा कि उचाना के लोगों द्वारा दिया गया यह सम्मान और स्कूटी उनके लिए बेहद खास है। इससे अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
दीपांशी ने कहा मुझे बहुत खुशी है। मेरी मेहनत को इतना सम्मान मिला। मैं अपने माता-पिता अध्यापकों और बड़ी बहन की आभारी हूं। जिनके सहयोग से मैं यहां तक पहुंची हूं। उचाना वासियों द्वारा मुझे गिफ्ट में इलेक्ट्रिक स्कूटी दी गई। इससे मुझे बहुत अच्छा लगा। इससे और भी बच्चे प्रेरित होंगे। आगे बढ़ने का हौसला पाएंगे।
गीता विद्या मंदिर हाई स्कूल की प्रिंसिपल सविता सिंगला ने कहा कि यह उपलब्धि केवल दीपांशी और उसके परिवार के लिए ही नहीं बल्कि पूरे उचाना क्षेत्र और बांगर की धरती के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से इस क्षेत्र के विद्यार्थी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। हरियाणा स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उचाना के एसडीएम रमित यादव ने कहा कि उचाना क्षेत्र की बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि उनके लिए यह जानकर बेहद खुशी और आश्चर्य की बात है। उचाना क्षेत्र के विद्यार्थियों ने 10वीं और 12वीं कक्षा में हरियाणा स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि बेटियों की यह सफलता पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।
एसडीएम रमित यादव ने कहा जब कोई लड़की कामयाब होती है। तो वह अकेली कामयाब नहीं होती,बल्कि पूरी पीढ़ी को बदलने का काम करती है। उसकी शिक्षा और संस्कार आने वाली पीढ़ियों को नई दिशा देते हैं। उन्होंने बताया कि दीपांशी को दी गई स्कूटी उचाना सेवा क्लब के माध्यम से बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भेंट की गई है ताकि क्षेत्र के अधिक से अधिक विद्यार्थी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित हों।
इस मौके पर सुरेंद्र जैन, सुदेश चोपड़ा, शिक्षाविद रामचंद्र अत्री, बलवान कापड़ों, महेंद्र लोधर, मिट्ठू शर्मा, मनोनीत पार्षद नरेश सोंगरी, डॉ राजेंद्र, मास्टर रामप्रसाद महामंत्री रमेश राणा मौजूद रहे।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)