हरियाणा सरकार ने खोले रोजगार के द्वार, 35 पदों पर सरकारी कर्मचारियों से मांगे आवेदन
punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 04:14 PM (IST)
हरियाणा डेस्क : हरियाणा सरकार ने भविष्य विभाग के अंतर्गत नवगठित भविष्य निदेशालय में 35 प्रशासनिक, तकनीकी और सहायक पदों को प्रतिनियुक्ति के आधार पर भरने के लिए पात्र सरकारी कर्मचारियों से आवेदन आमंत्रित किये हैं। इस पहल का उद्देश्य राज्य की भविष्य-केंद्रित शासन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अनुभवी अधिकारियों और कर्मचारियों की सेवाएं लेना है।
विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार विभिन्न सरकारी विभागों, बोर्ड, निगमों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में कार्यरत योग्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आवेदन मांगे गये हैं। निदेशालय में उप निदेशक, निजी सचिव, सहायक निजी सचिव, स्टेनोग्राफर, क्लकर्, ड्राइवर, लेखा अधिकारी, अधीक्षक, अनुभाग अधिकारी, सहायक सहित चपरासी, सफाईकर्मी और चौकीदार जैसे पद शामिल हैं। ये पद विभिन्न वेतन स्तरों पर स्वीकृत किये गये हैं।
प्रतिनियुक्ति की प्रारंभिक अवधि एक वर्ष होगी, जिसे सरकारी नियमों के अनुसार बढ़ाया जा सकता है या नियमित भर्ती प्रक्रिया पूरी होने तक जारी रखा जा सकता है। चयनित कर्मचारियों को उनके मूल विभागों से ही वेतन और भत्ते मिलते रहेंगे तथा उनकी सेवा शर्तें हरियाणा सिविल सेवा नियमों के अनुरूप रहेंगी। इच्छुक कर्मचारियों को आवेदन के साथ पिछले पांच वर्षों की वार्षिक गोपनीय रिपोटर् (एसीआर) का सारांश, अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) और यह प्रमाण पत्र जमा करना होगा कि उनके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक या सतकर्ता संबंधी मामला लंबित नहीं है। आवेदन उचित माध्यम से भेजने होंगे, जबकि अग्रिम प्रति ई-मेल के माध्यम से भी भेजी जा सकती है। अंतिम विचार केवल निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्राप्त आवेदनों पर ही किया जाएगा।