पॉश एरिया में 5 मंजिला निर्माणाधीन इमारत झुकी, पुलिस ने खाली कराए तीन मकान
punjabkesari.in Tuesday, Oct 20, 2026 - 07:26 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सुशांत लोक एरिया में उस वक्त हड़कंप मच गया जब निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत एक ओर झुक गई। सूचना मिलते ही गुड़गांव पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियाद के तौर पर आसपास के तीन मकानों को खाली कराया। इनमें रहने वाले लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं, मामले में पुलिस ने प्लॉट मालिक सहित जेसीबी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, सुशांत लोक थाना पुलिस को सूचना मिली कि सुशांत लोक फे-1 के सी ब्लॉक के प्लॉट नंबर 1770 पर लगभग तैयार हो चुका निर्माणाधीन मकान एक ओर झुक गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि निर्माणाधीन पांच मंजिला मकान जो एक ओर झुका है उसके साथ में खाली प्लॉट का मालिक अपने प्लॉट की खुदाई करा रहा है। ऐसे में यह पांच मंजिला मकान करीब ढाई इंच तक झुक गया और इस इमारत के गिरने की आशंका है। संभावित दुर्घटना को देखते हुए पुलिस ने एहतियाद के तौर पर झुकी हुई इमारत के पास लगते तीन मकानों को खाली कराया जिसमें हादसा होने का डर बना हुआ था। इन तीन मकानों में रहने वाले लोगों को दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया गया। वहीं, मामले में पुलिस ने लापरवाही से प्लॉट पर कार्य करने और करवाने के कारण दूसरों की जान जोखिम में डालने से संबंधित धाराओं के तहत प्लॉट मालिक, ठेकेदार व जेसीबी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।