चोरी की 36 वारदातों को अंजाम देने वाला काबू, 5 हजार का इनाम था घोषित
punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 04:38 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): चोरी की तीन दर्जन से ज्यादा वारदातों में संलिप्त 5 हजार के इनामी बदमाश को गुड़गांव पुलिस की अपराध शाखा ने काबू कर लिया है। आरोपी की पहचान पीर कॉलोनी निवासी शाहरूख के रूप में हुई है। आरोपी को जब पुलिस पकड़ने का प्रयास कर रही थी तो आरोपी अपनी बाइक को भगाने लगा, लेकिन उसकी बाइक फिसल गई जिसके कारण उसके पैर में चोट लगी जिसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया था। कल अस्पताल से छुट्टी होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पर भोंडसी एरिया में परमिट लाइन में चोरी करने के मामले में पांच हजार का इनाम भी घोषित था।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, 7 फरवरी की रात को अपराध शाखा सोहना की टीम अपराधों की रोकथाम व अपराधियों को काबू करने के लिए सोहना घाटी की तरफ जा थे, तब एक नौजवान लड़का बिना नम्बर प्लेट की बाईक पर सवार होकर जाता हुआ दिखाई दिया, जिसको पुलिस टीम द्वारा रुकने का इशारा किया तो वह लड़का पुलिस टीम को देखकर तेज गति से बाइक भगाने लगा और असंतुलित होकर सड़क पर गिर गया। तभी पुलिस टीम द्वारा उस युवक को काबू किया, जिसकी पहचान शाहरुख (उम्र-23 वर्ष) निवासी पीर कॉलोनी, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुई। युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1 पिस्टल, 1 जिंदा कारतूस बरामद होने पर आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत पुलिस थाना शहर सोहना में केस दर्ज किया गया व आरोपी के पैर में चोट लगने के कारण उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल सेक्टर-10 में भर्ती करवाया गया। कल अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी से पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी चोरी करने की वारदातों को अंजाम देने का आदतन अपराधी है। यह बादशाहपुर, सोहना व भोंडसी क्षेत्र में दुकानों को टारगेट करता है, फिर दुकानों के शटर का ताला तोड़कर चोरी करने की वारदातों को अंजाम दिया है। इसने जिला गुरुग्राम में ताला तोड़कर/दीवार तोड़कर चोरी करने व रात के समय चोरी करने की कुल 14 वारदातों को अंजाम देने का खुलासा किया है। आरोपी द्वारा भोंडसी (गुरुग्राम) के क्षेत्र परमिट लाइन में एक दुकान का ताला तोड़कर इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान चोरी करने के सम्बन्ध में दर्ज केस में आरोपी की गिरफ्तारी पर गुरुग्राम पुलिस द्वारा 5 हजार रुपयों का इनाम घोषित किया हुआ था। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड के अवलोकन से ज्ञात हुआ कि आरोपी पर चोरी करने के तहत कुल 23 अभियोग जिला गुरुग्राम में पहले भी दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से 1 पिस्टल, 1 जिंदा कारतूस व 1 बाइक बरामद की गई है। आरोपी से पूछताछ जारी है।