गैस की कालाबाजारी का भंडाफोड़, 64 सिलेंडर बरामद, आरोपी काबू
punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 09:41 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): बादशाहपुर थाना क्षेत्र में खाद्य एवं पूर्ति विभाग ने घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर एक बार फिर कड़ा प्रहार किया है। टीम ने एक वाहन से 64 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद कर आरोपी को काबू किया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
जानकारी के अनुसार, 30 मार्च 2026 को अधिकारियों को गैस सिलेंडर की कालाबाजारी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर खाद्य एवं पूर्ति विभाग के निरीक्षक इंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान गांव गैरतपुर बास, बादशाहपुर स्थित शिव मंदिर के पास एक संदिग्ध गाड़ी खड़ी मिली। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 14.2 किलोग्राम के 64 इंडेन कंपनी के घरेलू गैस सिलेंडर पाए गए, जो खाली थे।
पूछताछ में सामने आया कि यह सिलेंडर हरिदत्त पुत्र विश्वम्बर के हैं। मौके पर मौजूद आरोपी से जब सिलेंडरों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इससे स्पष्ट हुआ कि आरोपी घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध खरीद-फरोख्त और भंडारण कर रहा था। इसके बाद विभाग ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी सिलेंडर और वाहन को कब्जे में ले लिया तथा आरोपी को हिरासत में ले लिया। इस मामले में आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और एलपीजी नियमन आपूर्ति एवं वितरण अधिनियम 2000 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।