रंजिश में लाठी-डंडों से युवक पर जानलेवा हमला करने वाला 5 हजार का इनामी बदमाश काबू
punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 08:11 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): पुरानी रंजिश के चलते एक युवक का अपहरण कर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने के मामले में गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-39 की टीम ने पांच हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान 25 वर्षीय प्रदीप उर्फ शैतानी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पलवल का रहने वाला है और फिलहाल गुरुग्राम के हंस एंक्लेव में रह रहा था।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के अनुसार यह वारदात इसी साल 16 मार्च की रात को हुई थी। पीड़ित युवक ने शिकायत में बताया था कि जब वह अपने भाई के साथ इस्लामपुर से लौट रहा था, तभी हीरो होंडा चौक के पास स्कोर्पियो सवार कुछ युवकों ने उसे जबरन गाड़ी में डाल लिया। अपहरणकर्ता उसे डीपीजी कॉलेज के पीछे एक सुनसान जगह पर लेकर गए। वहां एक अन्य कार से निखिल नाम का युवक अपने साथियों के साथ आया। इन सबने मिलकर पीड़ित पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी उसे लहूलुहान और बेसुध हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना सदर गुरुग्राम में जानलेवा हमले और अपहरण की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की टीम ने तकनीकी इनपुट के आधार पर सोमवार को राजीव चौक के पास हंस एंक्लेव से आरोपी प्रदीप उर्फ शैतानी को धर दबोचा। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि पुरानी रंजिश के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस अपहरण और मारपीट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस इस मामले के मुख्य आरोपियों में से एक निखिल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब प्रदीप की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य फरार साथियों की तलाश में जुटी है। थाना सदर पुलिस ने बताया कि इनामी आरोपी प्रदीप को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ियां और हथियार बरामद किए जा सकें। मामले की जांच जारी है।