मौसम अपडेट: हरियाणा में आज से बढ़ेगा तापमान, अगले 6 दिन तक धूप खिलने की संभावना

punjabkesari.in Monday, Sep 30, 2024 - 11:05 AM (IST)

हरियाणा डेस्क. हरियाणा में इस वर्ष मानसून सीजन के दौरान बारिश का कोटा पूरा हो चुका है। आमतौर पर इस अवधि में 424.6 मिमी बारिश होती है, जबकि इस बार 406.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से केवल 4% कम है। बारिश के कारण सुबह-शाम मौसम में बदलाव देखा जा रहा है और लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है। पिछले 24 घंटों में तापमान में 0.7 डिग्री का इजाफा हुआ है।

धूप खिलने की उम्मीद

मौसम विभाग ने 30 सितंबर से अगले 6 दिनों तक धूप खिलने का अनुमान जताया है, जिसके चलते सूबे के किसी भी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इस दौरान दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई में अभी एक सप्ताह का समय लग सकता है। धूप निकलने और बारिश न होने के कारण आने वाले दिनों में तापमान में इजाफा होगा। सिरसा जिले का तापमान सबसे अधिक 36.5 डिग्री दर्ज किया गया है।

बरसात का आंकड़ा

इस बार प्रदेश के 10 जिलों में 10 से 38% कम बरसात दर्ज की गई है। वहीं 12 जिलों में सामान्य से 10 से 71% ज्यादा बरसात हुई है। करनाल, यमुनानगर और पंचकूला में सामान्य से कम बरसात हुई। वहीं नूंह, गुरुग्राम और महेंद्रगढ़ जैसे जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी, पलवल, सिरसा और कुरुक्षेत्र में भी सामान्य से ज्यादा बरसात हुई है।

इस प्रकार हरियाणा में मानसून का यह सीजन मिश्रित परिणाम लेकर आया है, लेकिन अगले दिनों में धूप और बढ़ते तापमान की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News

static