Road Accident in Jind: शादी के बाद घर लौट रहे दूल्हा-दूल्हन की गाड़ी पर पलटा ट्राला, बाल-बाल बचा परिवार

punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 06:59 PM (IST)

जींद (अमनदीप पिलानिया) : हरियाणा के जींद जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें शादी से लौट रहे दूल्हा-दुल्हन और उनके परिवार के सदस्य बाल-बाल बचे। घटना जींद के कैथल रोड फ्लाईओवर के पास सुबह करीब 9 बजे हुई।

 PunjabKesari

बता दें कि दूल्हा पक्ष पानीपत जिले के राजा खेड़ी गांव का रहने वाला है। शादी सिरसा जिले के किसी गांव में रात को संपन्न हुई थी। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन समेत परिवार के लोग सिरसा से बरवाड़ा रास्ते होते हुए पानीपत की ओर लौट रहे थे। कार में दूल्हा-दुल्हन सहित एक छोटा बच्चा कुल 5 लोग सवार थे। रास्ते में परिवार की दूसरी गाड़ी के इंतजार में दूल्हा-दुल्हन की कार जींद कैथल फ्लाईओवर के पास सड़क किनारे साइड में खड़ी कर दी गई। इसी दौरान जींद शहर के पटियाला चौक से आ रहा गिट्टियों से भरा ओवरलोड ट्राला पटियाला-दिल्ली नेशनल हाईवे पर चढ़ने के लिए मुड़ा। मुड़ते समय ट्राला अनियंत्रित होकर बैलेंस खो बैठा और सीधे दूल्हा-दुल्हन की कार पर गिर पड़ा। ट्राले के गिरने से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अंदर सवार सभी लोग फंस गए। 

वहीं मौके पर मौजूद आम लोगों ने तुरंत कार की खिड़कियां तोड़कर कड़ी मशक्कत के बाद दूल्हा-दुल्हन समेत सभी सदस्यों को बाहर निकाला। हादसे में कार चालक को चोटें आईं, जिन्हें एम्बुलेंस की मदद से जींद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। बाकी सदस्यों को दूसरी गाड़ी से सुरक्षित उनके घर पानीपत रवाना किया गया। ट्राला चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना डायल 112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। आम लोगों ने बताया कि ट्राला ओवरलोड था और तेजी से मुड़ते समय बैलेंस बिगड़ गया, जिससे यह हादसा हुआ। सौभाग्य से कोई मौत नहीं हुई, लेकिन हादसे ने शादी की खुशियों पर पानी फेर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static