बहन के ससुराल से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत

punjabkesari.in Friday, Jan 31, 2020 - 12:41 PM (IST)

पानीपत(संजीव): पत्नी व 2 बच्चों के साथ बाइक पर सवार होकर बहन की ससुराल से घर लौट रहे युवक की बाइक को गांव बडौली के पास देर शाम तेज रफ्तार थ्रीव्हीलर ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में जहां बाइक चालक की मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे पत्नी व 2 बच्चों को भी चोट आई है जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसा करने के बाद थ्रीव्हीलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पाकर अस्पताल पहुंची पुलिस ने घायल महिला के बयानों के आधार पर आरोपी थ्रीव्हीलर चालक के खिलाफ केस दर्ज करके जांच तेज कर दी है। वहीं वीरवार को शव का पोस्टमार्टम करवा वारिसों को सौंप दिया गया है।

करनाल जिले के गांव बसी अकबरपुर निवासी 28 वर्षीय कृष्णा पत्नी बिशन ने बताया कि वह अपने पति बिशन तथा 2 बच्चों 4 वर्षीय सुशील व 2 वर्षीय शिवानी के साथ बाइक पर सवार होकर ननद की ससुराल पानीपत के गांव रजापुर में आई थी। जहां पर एक दिन रहने के बाद बुधवार देर शाम जब वह बाइक पर सवार होकर वापस अपने घर लौट रहे थे कि गांव बडौली के पास पहुंचते ही सामने से एक लोडिंग वाले थ्रीव्हीलर का चालक अपने वाहन को तेज रफ्तार से चलाता हुआ आया तथा सीधे उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

जिससे वे चारों बाइक सहित सड़क पर जा गिरे। राहगीरों ने उन सभी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। इसी दौरान थ्रीव्हीलर का चालक अपने वाहन को लेकर मौके से फरार हो गया। उसके पति को गंभीर चोट आई है जोकि आई.सी.यू. में भर्ती है।  बता दें कि युवक को जब गंभीर घायलावस्था में अस्पताल में लाया गया जहां डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया था। जिसके बारे में परिजनों ने महिला को नहीं बताया, ताकि उसे सदमा न लगे। महिला की टांगों में टांके लगे हैं। थाना सदर पुलिस ने आरोपी थ्रीव्हीलर चालक के खिलाफ भादंसं की धारा 279, 338 व 304ए के तहत केस दर्ज करके फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

vinod kumar

Recommended News

Related News

static