रेस्तरां से ड्यूटी खत्म कर लौट रहे युवक से बाइक सवारों ने की लूटपाट
punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 08:50 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): खेड़कीदौला थाना क्षेत्र में देर रात ड्यूटी से लौट रहे एक युवक से लूटपाट का मामला सामने आया है। तीन बदमाशों ने युवक के दो मोबाइल फोन छीन लिए, यूपीआई पासवर्ड पूछकर उसके बैंक खाते से 67,770 निकाल लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, करनाल निवासी विजय कुमार ने शिकायत में बताया कि वह वर्तमान में गुड़गांव के सेक्टर-85 स्थित परिधि अपार्टमेंट में किराये पर रहता है। वह सेक्टर-83 के एक रेस्तरां में कार्यरत है। शिकायत के अनुसार, 2 सितंबर की देर रात करीब 2 बजे वह ड्यूटी समाप्त कर अपने कमरे लौट रहा था। गांव सिकंदरपुर के पास पीछे से बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने डराकर उसके दो मोबाइल फोन छीन लिए और यूपीआई पासवर्ड पूछ लिया। इसके बाद आरोपी उसके बैंक खाते से कुल 67,770 ट्रांसफर कर फरार हो गए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है। मामले की जांच कर रहे एएसआई अशोक कुमार ने कहा कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं लूटी गई रकम के डिजिटल ट्रांजैक्शन की भी जांच की जा रही है।