IFFCO चौक समेत तीन स्थानों पर धंस गई सड़क, ट्रैफिक हुआ बाधित
punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2026 - 05:55 PM (IST)
गुड़गांव,(ब्यूरो): साेमवार को हुई बारिश के बाद मंगलवार सुबह सड़क धंसने का सिलसिला शुरू हो गया। यह सिलसिला सेक्टर-9 एरिया से शुरु हुआ जहां एक सीमेंट से भरा ट्रक सड़क में धंस गया और यहां गहरा गड्ढा हो गया। वहीं, नरसिंहपुर के पास दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर भी सड़क धंस गई और यहां भी गहरा गड्ढा हो गया। अभी प्रशासन इन दोनों स्थानों पर गड्ढा भरने की कोई कार्रवाई कर पाता कि इफको चौक पर एक बार फिर करीब 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया। गनीमत यह रही कि इस गड्ढे में कोई वाहन नहीं गिरा। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और बेरिकेड लगाकर इस एरिया को वाहनों के आवाजाही के लिए बंद कर दिया। वहीं, इन घटनाओं की सूचना प्रशासनिक अधिकारियों को दे दी ताकि मरम्मत कार्य शुरू कराया जा सके।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

मंगलवार सुबह पहली घटना सेक्टर-9 में हुई। यहां सीमेंट से भरा ट्रक सड़क धंसने के कारण फंस गया। यहां ट्रक लगभग पलटने की दशा में आ गया। गनीमत यह रही कि इस घटना के कारण कोई हताहत नहीं हुआ। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से गड्ढे में फंसे ट्रक को बाहर निकलवाया। इससे पहले ट्रक में लदी सीमेंट की बोरियों को भी खाली कराया गया। वहीं, दूसरी घटना नसरिंहपुर के पास दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर हुई। यहां यमुना रेत से भरा ट्रक सड़क धंसने के कारण फंस गया। यहां जाम की स्थिति बनने लगी। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को गड्ढे से बाहर निकलवाया। इभी इन दो घटनाओं में सड़क मरम्मत का कार्य शुरू भी नहीं हुआ था कि तीसरी घटना इफको चौक पर हो गई। यहां जीएमडीए की मुख्य सीवर लाइन लीक होने के कारण करीब 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे रास्ते को बेरिकेड लगाकर बंद कर दिया और जीएमडीए के अधिकारियों को इसकी सूचना दी।

आपको बता दें कि इफको चाैक पर जहां सड़क धंसी है वहां से जीएमडीए की करीब 1200 एमएम की मास्टर सीवर लाइन गुजर रही है। इस सीवर लाइन के लीक होने के कारण यहां पहले भी करीब 20 फीट गहरा और चौड़ा गड्ढा हो गया था। इसकी मरम्मत करने में जीएमडीए को एक सप्ताह से अधिक का समय लग गया था। अब एक बार फिर यहां गड्ढा हो गया है। फिलहाल बारिश के बाद सड़क धंसने और गड्ढे होने का सिलसिला शुरू हो गया है। अब देखना यह होगा कि इन गड्ढों को भरकर धंसी सड़कों की मरम्मत कब तक हो पाती है।