सोनीपत में शराब ठेके पर लूट,  ग्राहक बनकर आया...बोतल से सेल्समैन पर हमला कर हजारों रुपये ले उड़ा

punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 12:16 PM (IST)

सोनीपत (सन्नी मलिक) : सोनीपत में शराब लेने के बहाने ठेके के अंदर घुसे युवक ने सेल्समैन के सिर पर शराब की बोतल से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद गल्ले में रखी करीब 15 हजार रुपये की नकदी लेकर भाग निकला। वह ठेके के बाहर बाइक छोड़कर निकल भागा। जांच में बाइक चोरी की मिली है।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के जिला मैनपुरी के अवधेश ने मुरथल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि वह मुरथल स्थित ठेकेदार जयंत के शराब ठेके पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत है। रविवार को वह ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान एक युवक ग्राहक बनकर ठेके पर पहुंचा और शराब की बोतल मांगी। जैसे ही अवधेश शराब निकालने लगे, आरोपी अचानक काउंटर के भीतर घुस गया और पीछे से उनके सिर पर शराब की बोतल से वार कर दिया।अचानक हुए हमले से सेल्समैन घायल होकर संभल नहीं सके और इसी का फायदा उठाकर युवक गल्ले में रखे करीब 15 हजार रुपये लेकर मौके से भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही मुरथल थाना से एएएआई युद्धवीर सिंह टीम सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास से साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान ठेके के बाहर बिना नंबर प्लेट की बाइक लावारिस हालत में मिली, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

 मामले में  जानकारी देते हुए पुलिस प्रेस प्रवक्ता रवींद्र कुमार ने बताया कि सोनीपत के गांव मुरथल से सामने आई है, जहां शराब के एक ठेके पर लूट को अंजाम दिया गया। जानकारी के अनुसार, एक बदमाश शराब की बोतल लेने के बहाने ठेके के अंदर घुसा। उसने उसी बोतल से सेल्समैन के सिर पर हमला किया और नकदी लेकर फरार हो गया। पुलिस सभी तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। लूट की यह पूरी वारदात ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही मुरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना ने एक बार फिर बदमाशों में पुलिस के डर की कमी को उजागर किया है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static