Rohtak : सड़क हादसे में गई मासूम की जान...मां गंभीर घायल, परिवार की खुशियां मातम में बदलीं

punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 01:54 PM (IST)

रोहतक : हरियाणा के रोहतक जिले में गोहाना रोड पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां मंसूरी से घूमकर लौट रहे एक परिवार की कार के सामने अचानक नीलगाय आ जाने से कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में 4 वर्षीय मासूम अक्षित की मौत हो गई, जबकि उसकी मां मोनिका गंभीर रूप से घायल हो गईं।

मिली जानकारी के अनुसार खेड़ी साध निवासी नीतिश, जो पिछले 8 वर्षों से एमडीयू (महार्षि दयानंद विश्वविद्यालय) में ग्राउंडमैन की नौकरी करते हैं, अपने परिवार के साथ मंसूरी घूमने गए थे। उनके साथ पत्नी मोनिका, बेटी हिमानी और बेटा अक्षित मौजूद थे। शनिवार रात करीब 12 बजे वे कार से वापस लौट रहे थे। तभी अचानक एक नीलगाय कार के सामने आ गई जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में मासूम अक्षित की मौत हो गई।

रविवार को पोस्टमार्टम के दौरान पीजीआई के डेड हाउस के बाहर बैठे पिता नीतिश का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने बताया कि बच्चों की जिद पर ही वे परिवार के साथ घूमने गए थे, लेकिन लौटते समय यह हादसा उनकी जिंदगी में गहरा घाव दे गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।  

 (पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)        


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static