साधु-साध्वी के पास मिली डेढ़ साल पहले गायब हुई 2 साल की बच्ची

punjabkesari.in Friday, Feb 23, 2018 - 11:52 AM (IST)

रोहतक(ब्यूरो): करीब डेढ़ वर्ष पहले पुराना बस स्टैंड स्थित कम्युनिटी सेंटर के सामने से गायब हुई 2 वर्ष की बच्ची को पुलिस ने कुरुक्षेत्र में रहने वाले साधु-साध्वी के पास से बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी साधु-साध्वी को जेल भेज दिया। साथ ही बच्ची को उसके परिजनों को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार करीब डेढ़ वर्ष पहले पुराना बस स्टैंड स्थित कम्युनिटी सेंटर के पास से एक 2 वर्षीय बच्ची को अगवा कर लिया गया था। जिसके बारे में रिपोर्ट भी दर्ज करवाई गई थी। गांव गुना जिला ग्वालियर निवासी शकना ने रिपोर्ट में कहा था कि वह करीब 4 महीने से रोहतक रेलवे स्टेशन के नजदीक स्थित मंदिर के पास रहती है। 

12 अक्तूबर 2016 को पुराने सरकारी स्कूल नजदीक कच्चा बेरी चौक के खाली मैदान पर खिलौने बेचकर अपने परिवार सहित पुराना बस अड्डा कम्युनिटी सेंटर के सामने खाली स्थान पर आकर परिवार सहित सो गई। अगले दिन सुबह उठी तो उसकी सबसे छोटी लड़की वरसाना नहीं मिली। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद से ही पुलिस उसे खोजने में लगी हुई थी। आखिरकार डेढ़ साल बाद पुलिस ने बच्ची को खोज निकाला और उसे परिजनों को सौंप दिया।

सदमे में था वरसाना का परिवार
वरसाना के अगवा हो जाने के बाद से ही उसका परिवार सदमे में था। वरसाना परिवार में सबसे छोटी है और सभी की लाडली है। इसी कारण वरसाना के माता-पिता व अन्य भाई-बहन भी काफी परेशान थे। मां का रो-रो कर बुरा हाल था, फिर भी डेढ़ वर्ष से बच्ची के मिलने की आस लगाए बैठी थी। आखिर, जब बेटी मिलने की सूचना मिली तो मां को पहले तो विश्वास ही नहीं हुआ लेकिन जब बेटी को देखा तो उसकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। परिजनों ने पुलिस का भी आभार प्रकट किया।
 

अथक प्रयासों के बाद मिली वरसाना : जगबीर
थाना शहर निरीक्षक जगबीर सिंह ने बताया कि गुमशुदा बच्ची वरसाना की तलाश के लिए अथक प्रयास किए गए लेकिन सफलता नहीं मिल रही थी। गत दिनों पुलिस को सूचना मिली कि ब्रह्मसरोवर कुरुक्षेत्र में रहने वाले साधु व साध्वी के पास एक 3 साल की लड़की है। जिसका हुलिया वरसाना से मिलता है। निरीक्षक जगबीर सिंह ने स.उप.नि. संतराम के नेतृत्व में टीम गठित कर कुरुक्षेत्र के लिए रवाना किया। 

पुलिस टीम ने ब्रह्मसरोवर, कुरुक्षेत्र से दिल्ली निवासी साधु विजयनाथ व पंजाब निवासी साध्वी रानी को जांच में शामिल किया। दोनों के पास से करीब 3 साल की लड़की मिली। साधु व साध्वी से गहनता से पूछताछ की गई। लड़की को बाल संरक्षण अधिकारी के सम्मुख पेश किया गया। जांच के बाद बरामद लड़की की पहचान वरसाना के रूप में हुई। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने करीब डेढ़ साल पहले लड़की को पुराना बस अड्डा रोहतक के सामने से उठाया था। आरोपियों को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static