विपक्ष के हंगामे के बीच ''संयम'' के साथ ''संजीदा'' दिखाई दिए मुख्यमंत्री सैनी

punjabkesari.in Friday, Aug 22, 2025 - 07:57 PM (IST)

चंडीगढ़ (संजय अरोड़ा): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पिछले लगभग डेढ़ वर्षों में अनूठी कार्यशैली से अपनी एक अलग पहचान छोड़ी है। उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद अब तक विधानसभा के जितने भी सत्र हुए हैं, इन सभी सत्रों में मुख्यमंत्री सैनी ने अपनी प्रभावी कार्यशैली और शालीनता से विरोधी दलों के विधायकों का भी दिल जीतने का काम किया है। शुक्रवार को भी विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन जहां विपक्ष आक्रामक तेवरों के साथ नजर आया तो वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संयम एवं शालीनता का परिचय देते हुए विपक्षी विधायकों को भी हर बात का शांतिपूर्वक जवाब देने के साथ-साथ सभी से मिलजुल कर सौहार्दपूर्ण माहौल में सत्र चलाने का आह्वान किया। बेशक कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष की ओर से लगातार हंगामा किया गया, लेकिन मुख्यमंत्री एवं उनके साथ हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने संयम और सौहार्द दिखाते हुए आज के विधानसभा सत्र को आगे बढ़ाने का प्रयास किया। विशेष बात यह है कि मानसून सत्र के दौरान भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के चेहरे पर मुस्कान नजर आई।

PunjabKesari

गौरतलब है कि शुक्रवार से विधानसभा के मानसून सत्र का आगाज हुआ। यह सत्र 3 दिन तक चलेगा, जिसमें से 23 एवं 24 अगस्त को अवकाश है जबकि 25 एवं 26 अगस्त को सत्र होगा। खास बात यह है कि इस सत्र में विपक्ष को खुलकर बोलने का अवसर दिया गया और अपनी बात रखने को लेकर भी पूरा समय दिया। विपक्ष की ओर से कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए गए। विशेषकर लोहारु के मनीषा प्रकरण को लेकर विपक्ष ने खूब हंगामा किया। इस पर मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था को लेकर सरकार का पक्ष रखते हुए विपक्ष को संतुष्ट करने का प्रयास किया। उन्होंने पूरे मामले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने इस मामले की सी.बी.आई. जांच करवाने के आदेश दे दिए हैं। विपक्ष की ओर से किए गए हंगामे के बाद हरियाणा विधानसभा के स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने सदस्यों को सदन की मर्यादा, नियमों और संसदीय शिष्टाचार का पालन करने की नसीहत दी। उन्होंने सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाने के लिए सदस्यों के बीच संवाद और शांति बनाए रखने की पहल की। अनेक बार मुख्यमंत्री ने स्वयं विपक्ष के सदस्यों से कहा कि उनके मुद्दों पर जरूर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री ने विपक्षी नेताओं को कहा कि जनहित के विषयों पर सदन में गंभीर चर्चा होनी चाहिए। 

मुख्यमंत्री ने संयमित तरीके से रखी अपनी बात

मानसून सत्र के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नए सदस्यों को पिछली सरकारों की स्थिति समझाकर वर्तमान मुद्दों की बेहतर समझ देने की कोशिश की। मुख्यमंत्री और स्पीकर ने विवादों को टालकर जनता के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया। स्पीकर ने सभी दलों की सर्वदलीय बैठक बुलाकर पारदर्शिता और समन्वय सुनिश्चित किया और ने सदस्यों को सदन के नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करने की सलाह दी, ताकि प्रश्नकाल शुरू हो सके। मुख्यमंत्री ने विपक्ष से आह्वान किया कि सदन की कार्रवाई जनता के विकास और हित में काफी महत्वपूर्ण होती है, इसलिए हम सभी को इस बात का ध्यान रखते हुए अपने क्षेत्रों की बात भी रखनी चाहिए और सदन की मर्यादा भी बनाए रखनी चाहिए। 

सैनी ने तथ्यों के साथ रखा सरकार का पक्ष

खास बात यह है कि आज शुरू हुए मानसून सत्र के पहले दिन अनेक गंभीर मुद्दों पर मुख्यमंत्री काफी संजीदा नजर आए और ऐसे गंभीर मुद्दों पर उन्होंने तथ्यों के साथ सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने विपक्ष से भी आह्वान किया कि जनहित और गंभीर मुद्दों को लेकर वे सकारात्मक रुख अपनाएं ताकि सदन की कार्रवाई सुचारू रूप से चलाई जा सके। गौरतलब है कि 12 मार्च 2024 को नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार शपथ ली। इसके बाद वे दूसरी बार 17 अक्तूबर 2024 को मुख्यमंत्री बने। अब तक के अपने डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में मुख्यमंत्री ने जहां अनेक लोक-लुभावनी योजनाओं से लोगों को राहत दी है तो वे अपनी कार्यशैली से लोकप्रिय नेता के रूप में भी उभरकर सामने आए हैं। उनके चेहरे पर हर वक्त जहां मुस्कान रहती है तो वे जब भी कहीं जा रहे होते हैं तो अपनी गाड़ी रुकवाकर लोगों के बीच चले जाते हैं। लोगों से सरकारी योजनाओं व सुविधाओं के बारे में फीडबैक लेते हैं। सुधार की गुंजाइश हो तो फिर अवश्यक कदम उठाते हैं। खास बात यह है कि उनका यह अंदाज और चेहरे पर हंसी विधानसभा में भी नजर आती है। वे बड़े ही इत्मिनान से हर बात सुनते हैं और फिर शालीनता से उसका जवाब भी देते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yakeen Kumar

Related News

static