संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की जयंती को पूरे भव्य तरीके से मनाया जाएगा: रतनलाल कटारिया
punjabkesari.in Friday, Jan 27, 2023 - 01:33 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्रशेखर धरणी) : पूर्व केंद्रीय जल शक्ति व सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री वर्तमान सांसद रतनलाल कटारिया ने कहा कि नई अनाज मंडी, जगाधरी में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की जयंती को पूरे भव्य तरीके से मनाया जाएगा। कटारिया ने बताया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती को लेकर उन्होंने संत गुरु मनदीप दास जी से मुलाकात की और जयंती पर भक्तों को आशीर्वाद देने की अपील की। कटारिया ने कहा कि मुझे गर्व है कि आज ओडिशा की एक आदिवासी बेटी देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर है और उत्तर प्रदेश का दलित बेटा राष्ट्रपति पद पर भी आसीन था l
कटारिया ने कहा कि अप्रैल-दिसंबर 2022 के दौरान 16.39% की वृद्धि के साथ कोयला उत्पादन 607.97 मिलियन टन पहुंचा। वहीं साल 2020-21 में खादी की बिक्री 95,741.74 करोड़ रुपए से साल 2021-22 में बढ़कर 1,15,415.22 करोड़ रुपए हो गई। उन्होंने कहा कि साढ़े आठ साल में प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में लगभग 2 करोड़ लोगो को रोजगार प्राप्त हुआ। कटारिया ने कहा कि आज रेलवे ने मौजूदा वित्त वर्ष में दिसंबर 2022 तक माल ढुलाई से 1,20,478 करोड़ रूपए की कमाई की ओर यात्रियों के किराए से अर्जित रेलवे की राजस्व आय में 71% की बढ़ोतरी, आर्थिक वृद्धि दर 2022-23 में सात प्रतिशत वही कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों का निर्यात 16 प्रतिशत बढ़कर 17.43 बिलियन डॉलर पहुंचा है। गरीब कल्याणकारी योजनाओं के लिए इतनी बड़ी राशि उपलब्ध कराना तभी संभव हुआ है जब दिसंबर 2022 में जीएसटी राजस्व संग्रह 15 प्रतिशत बढ़कर 1,49,507 करोड़ रूपए रहा।