जींद में मासूम शर्मा के खिलाफ सरपंचों की नाराजगी, अलेवा गांव के सरपंच बोले- इतना घमंड नहीं करना चाहिए...

punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 05:36 PM (IST)

जींद(अमनदीप पिलानिया): हरियाणवी गायक मासूम शर्मा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। जींद जिले के एक निजी होटल में आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान मासूम शर्मा ने मुआना गांव के पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा को स्टेज पर आने से मना कर दिया था और कहा था कि "70 सरपंच हांड़े हैं" तथा "मैं किसी सरपंच, विधायक या मंत्री को कुछ नहीं मानता"। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे हरियाणा में सरपंचों में रोष फैल गया है। 

अलेवा गांव के सरपंच विनोद ढुलगच ने खास बातचीत में मासूम शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इतना घमंड नहीं करना चाहिए। विनोद, जो खुद एक कलाकार भी हैं, ने बताया कि मासूम शर्मा ने न केवल पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा की बेइज्जती की है, बल्कि पूरे हरियाणा के सरपंचों, विधायकों और मंत्रियों का अपमान किया है।विनोद ढुलगच ने कहा, "सरपंच और कलाकार होने के नाते मैं मासूम को बताना चाहता हूं कि उन्हें फ्रेम का भी सही मायने में पता नहीं है, न ही सही से खड़ा होना आता है।"

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मासूम शर्मा जल्द ही मुआना गांव जाकर पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा से माफी नहीं मांगते, तो सरपंच कड़ा फैसला लेंगे। इससे मासूम का जगह-जगह विरोध होगा और बड़ा आंदोलन भी हो सकता है।यह विवाद जींद के सफीदों रोड स्थित दीप पैलेस होटल में मासूम शर्मा के जीजा धर्मबीर की शादी की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर हुआ। कार्यक्रम में स्टेज पर पहुंचे पूर्व सरपंच को मासूम ने नीचे उतरने को कहा, जिससे हंगामा हो गया और बाउंसरों के साथ धक्का-मुक्की हुई।

इस घटना के बाद मुआना गांव में पंचायत हुई और अन्य जिलों के सरपंच एसोसिएशन भी सक्रिय हो गए हैं, जहां मासूम के कार्यक्रमों पर रोक लगाने की बात कही जा रही है। यह मामला हरियाणा में सरपंचों की गरिमा और कलाकारों की जिम्मेदारी को लेकर चर्चा का विषय बन गया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static